Aaj Ka Mausam 16 November 2026: देश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय डीप डिप्रेशन लगातार मजबूत हो रहा है और जल्द ही चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, 16 नवंबर की शाम तक इसके चक्रवात में तब्दील होने की संभावना है, जबकि 17 नवंबर की शाम तक यह गंभीर चक्रवाती तूफान बन सकता है। इस सिस्टम का असर दक्षिण भारत के तटीय राज्यों में अधिक देखने को मिलेगा। आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, कुछ इलाकों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है।
मौसम विभाग के मुताबिक, देश में 16 नवंबर को कई राज्यों में भी बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। वहीं, पूर्वोत्तर राज्यों अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी मौसम बदलने के आसार हैं। इसके अलावा दक्षिण भारत के केरल, माहे, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और तटीय आंध्र प्रदेश में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने का अनुमान जताया गया है।
जानें यूपी और दिल्ली में मौसम का हाल
मौसम विभाग के अनुसार, 16 नवंबर को दिल्ली में सुबह के समय हल्की धुंध और कोहरा छाने की संभावना है। राजधानी में अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 14 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। फिलहाल बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है, हालांकि 17 नवंबर की सुबह भी हल्की धुंध देखने को मिल सकती है। वहीं, उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहने के बावजूद सुबह और रात के समय कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकता है। मौसम विभाग ने 16 और 17 नवंबर को प्रदेश के कुछ इलाकों में घने कोहरे की चेतावनी दी है। इसके चलते सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित होने की आशंका है, ऐसे में सुबह सफर करने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
बिहार और झारखड़ में साफ रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, बिहार में 16 नवंबर को बिहार में मौसम बिल्कुल साफ रहेगा। फिलहाल राज्य के किसी भी हिस्से में बारिश को लेकर विशेष अलर्ट जारी नहीं किया गया है। पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, भागलपुर और पूर्णिया समेत कई शहरों में सुबह के समय हल्की धुंध या कोहरा देखने को मिल सकता है। वहीं, झारखंड के लिए बारिश और तापमान को लेकर कोई विशेष चेतावनी सामने नहीं आई है। रांची, धनबाद, जमशेदपुर, बोकारो और हजारीबाग समेत राज्य के विभिन्न इलाकों के लिए फिलहाल किसी नए मौसमी अलर्ट की जानकारी उपलब्ध नहीं है।