Delhi News: दिल्ली के पहाड़गंज इलाके के आराम बाग में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का ऐसा कहर देखने को मिला, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। एक बेकाबू स्कॉर्पियो ने सड़क पर जा रहे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, स्कॉर्पियो ने सबसे पहले स्कूल जा रही एक बच्ची को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बच्ची उछलकर पास में खड़े ट्रक पर जा गिरी। इसके बाद भी गाड़ी नहीं रुकी और एक खोखे को टक्कर मार दी, जहां एक बच्चा और एक व्यक्ति मौजूद थे। हादसे में दोनों बच्चों की मौत हो गई, जबकि घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर इतनी तेज रफ्तार से स्कॉर्पियो कौन चला रहा था?
स्थानीय लोगों का आरोप है कि गाड़ी दो नाबालिग बच्चे चला रहे थे। वहीं, गाड़ी की मालकिन के कथित रवैये को लेकर भी स्थानीय लोगों में नाराजगी है। फिलहाल पुलिस मौके पर मौजूद है और पूरे मामले की जांच कर रही है। अब देखना होगा कि पुलिस जांच में हादसे की असली वजह और गाड़ी चला रहे व्यक्ति की पहचान को लेकर क्या खुलासा होता है।