Chandigarh news : चंडीगढ़ से वारदात की बड़ी खबर सामने आई है। शहर के पॉश सेक्टर-11 में शनिवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई जब अज्ञात हमलावरों ने एक मेडिकल स्टोर के बाहर अंधाधुंद फायरिंग कर दी। फायरिंग की इस घटना में गंभीर रूप से घायल हुए एक व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान हिमाचल प्रदेश के निवासी एवं सरपंच जानकी के रूप में हुई है, जो सेक्टर-11 स्थित श्री कुमार मेडिकल स्टोर में कैशियर के तौर पर कार्यरत थे।
मिली जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 3 बजे एक्टिवा पर सवार हमलावर मेडिकल स्टोर के बाहर पहुंचे और जानकी पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। जैसा की पता चला है हमलावरों ने करीब 16 राउंड फायर किए थे। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दिनदहाड़े हुई फायरिंग की इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। डीएसपी दलबीर सिंह भिंडर, सेक्टर-11 थाना प्रभारी जसपाल सिंह भुल्लर, एजीटीएफ थाना प्रभारी हरिंदर सिंह सेखों, इंस्पेक्टर सतिंदर सिंह सहित क्राइम ब्रांच और डीसीसी की टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।