Kal Ka Mausam: देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और उमस के बीच मौसम विभाग ने 7 जून के लिए बड़ा अलर्ट जारी किया है। विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार उत्तर भारत, पूर्वी भारत और दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी, वज्रपात और कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश और झारखंड के आसपास ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जिसके प्रभाव से कई राज्यों में मौसम अचानक बदल सकता है। कुछ क्षेत्रों में 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है, जिससे पेड़ उखड़ने और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने का खतरा भी बना हुआ है।
Also read: इंडिगो ने 6 अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर उड़ानें कीं बंद, जानें क्या है वजह
19 राज्यों में बारिश और आंधी की चेतावनी
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, असम, त्रिपुरा और मेघालय सहित 19 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। पूर्वी भारत के कई जिलों में वज्रपात और बिजली गिरने की घटनाओं की भी संभावना जताई गई है।
दिल्ली में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 7 जून को भारी बारिश और तेज आंधी की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। शाम के समय बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
Also read: दिल्ली से कटड़ा पहुंचेंगे 6 घंटे में, बनेगा ये है स्पीड कॉरिडोर
उत्तर प्रदेश में कई जिलों पर असर
उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, शाहजहांपुर, आगरा, मथुरा, कानपुर, वाराणसी, गोरखपुर और प्रयागराज समेत कई जिलों में भारी बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
बिहार में दो दिनों तक खराब रहेगा मौसम
बिहार के पटना, गया, बक्सर, सिवान, सारण, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, अररिया और किशनगंज सहित कई जिलों में 7 और 8 जून को भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को बिजली गिरने की घटनाओं से सावधान रहने की सलाह दी है।
पहाड़ी राज्यों में बढ़ सकती हैं मुश्किलें
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश, आंधी और भूस्खलन जैसी घटनाओं का खतरा बना हुआ है। नैनीताल, रुद्रप्रयाग, चमोली, शिमला, कुल्लू, कांगड़ा और मंडी समेत कई क्षेत्रों में मौसम बिगड़ सकता है।
Also read: LPG सिलेंडर सस्ता हुआ या महंगा? जानें अपने शहर में ताजा रेट्स
जम्मू-कश्मीर और पंजाब में भी अलर्ट
जम्मू, अनंतनाग, बारामूला, पुलवामा और गांदरबल सहित जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं पंजाब के पटियाला, लुधियाना, जालंधर और पठानकोट समेत कई जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है।
पूर्वी भारत में वज्रपात का खतरा
झारखंड और पश्चिम बंगाल में भारी बारिश के साथ वज्रपात की संभावना जताई गई है। रांची, धनबाद, बोकारो, दुमका, मालदा, मुर्शिदाबाद, हावड़ा और उत्तर 24 परगना सहित कई क्षेत्रों में लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
दक्षिण भारत में मानसून सक्रिय
केरल और तमिलनाडु में मानसून की गतिविधियां तेज होने लगी हैं। केरल के वायनाड, इडुक्की, एर्नाकुलम और कोल्लम समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं तमिलनाडु के चेन्नई, कोयंबटूर, नीलगिरि और कन्याकुमारी सहित कई इलाकों में तेज बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है।
Also read: Gold Silver Price: सोना-चांदी के भाव में बड़ी गिरावट, जानें आज के ताजा दाम
लोगों के लिए सलाह
मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की सलाह दी है। किसानों, यात्रियों और पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। विभाग का कहना है कि आने वाले 48 घंटों के दौरान कई राज्यों में मौसम तेजी से बदल सकता है, इसलिए स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर बनाए रखना जरूरी है।