Punjab News: पंजाब के संगरूर में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यालय पर सोमवार तड़के कथित तौर पर पेट्रोल बम से हमला किया गया। इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन कार्यालय की बाहरी दीवार पर आग लगने के निशान मिले हैं। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज करने की तैयारी शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। पुलिस के अनुसार, यह घटना सोमवार सुबह करीब 3 बजे हुई। एक अज्ञात व्यक्ति ने पेट्रोल से भरी कांच की बोतल कार्यालय की ओर फेंकी। बोतल दीवार से टकराई और उसमें आग लग गई। घटना के समय कार्यालय में कोई मौजूद नहीं था, इसलिए कोई जनहानि नहीं हुई।
दीवार पर मिले आग के निशान
सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच में पता चला कि पेट्रोल से भरी बोतल कार्यालय की बाहरी दीवार के बाहर से फेंकी गई थी। पुलिस ने मौके से सबूत जुटाए और फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया है। संगरूर के एसपी (डिटेक्टिव) दविंदर अटरी ने बताया कि बीयर की बोतल में पेट्रोल भरकर उसे कार्यालय पर फेंका गया था। दीवार पर आग के निशान मिले हैं। उन्होंने कहा कि मामले में एफआईआर दर्ज की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
सीसीटीवी कैमरों की हो रही जांच
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हमला किसी एक व्यक्ति ने किया या इसके पीछे कोई बड़ा समूह शामिल था। मामले की जांच के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया है। घटना के बाद बीजेपी नेताओं ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। स्थानीय बीजेपी नेता रणदीप सिंह देओल ने कहा कि इससे पहले भी चंडीगढ़ स्थित पार्टी कार्यालय पर हमला हुआ था और अब संगरूर में ऐसी घटना होना चिंता का विषय है।
कानून-व्यवस्था पर उठ रहा सवाल
वहीं, पंजाब बीजेपी अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने इस हमले की निंदा करते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पंजाब में बीजेपी कार्यालयों और नेताओं पर लगातार हमले हो रहे हैं, जिससे कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों के हौसले बढ़ गए हैं और आम लोग भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे। गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में पंजाब में बीजेपी से जुड़े कार्यालयों और नेताओं पर हमलों की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में संगरूर की यह घटना सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नई चिंता पैदा कर रही है।
Also read: पंजाब के फरीदकोट में ऑनर किलिंग, प्रेम विवाह से नाराज माता-पिता ने बेटी की बेरहमी से की हत्या, दामाद जान बचाकर भागा