Patna News: बिहार के पटना में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मिलर हाई स्कूल मैदान में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ और ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने मशाल जलाकर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ को रवाना किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में यह दिन महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है और 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य की दिशा में काम हो रहा है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए बिहार का समृद्ध और सशक्त होना जरूरी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में 13 वर्षों के कार्यकाल और प्रधानमंत्री के रूप में उनके सेवा काल का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गरीबों, महिलाओं, युवाओं और किसानों के कल्याण के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री के मुताबिक बिहार के करीब 89 लाख किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है, जबकि देशभर में 10 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में इस योजना के तहत सीधे राशि भेजी जा रही है।
1.81 करोड़ जीविका दीदियों को मिला लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में 1 करोड़ 81 लाख जीविका दीदियों के बैंक खातों में राशि भेजी गई है। इससे महिलाएं स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने दावा किया कि बिहार में 50 लाख लखपति दीदियां बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2030 के विधानसभा चुनाव से पहले बिहार में एक लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
आवास, स्वास्थ्य और बिजली समेत योजनाओं का किया जिक्र
सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, हर घर नल का जल, पीएम सूर्य घर योजना, किसानों के लिए सहायता और आधारभूत संरचना के विकास समेत विभिन्न योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिछले 25 वर्षों के सार्वजनिक सेवा काल में गुजरात के साथ-साथ देश में भी व्यापक परिवर्तन आया है। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों से विकसित भारत और समृद्ध बिहार के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
PM मोदी और नितिन नवीन ने किया वर्चुअल संबोधन
कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने उपस्थित लोगों को वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प दिलाया।
प्रदर्शनी का किया उद्घाटन
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवाकाल पर आधारित ‘मोदी @ 25’ प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। प्रदर्शनी में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के 13 वर्षों के कार्यकाल और प्रधानमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को तस्वीरों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। इस अवसर पर बिहार राज्य किसान आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण मेहता ने मुख्यमंत्री को पौधा, अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंटकर स्वागत किया।
कार्यक्रम में नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, सांसद रविशंकर प्रसाद, सांसद भीम सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक संजय सरावगी, विधायक संजीव चौरसिया, भाजपा संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया, भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री सिद्धार्थ शंभू, बिहार राज्य किसान आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण मेहता समेत बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।