Punjab News:पंजाब की राजनीति में बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल के गठबंधन की घोषणा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतिक्रिया सामने आई है। पीएम मोदी ने अकाली दल की NDA में वापसी का स्वागत करते हुए इसे स्वाभाविक गठबंधन बताया। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, वरिष्ठ बीजेपी नेता लालकृष्ण आडवाणी और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को याद करते हुए कहा कि इन नेताओं ने इस गठबंधन को मजबूत आधार दिया था।
प्रधानमंत्री ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि उन्हें बेहद खुशी है कि शिरोमणि अकाली दल गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर NDA परिवार में वापस लौटा है। उन्होंने कहा कि पंजाब और पंजाब के लोगों का कल्याण सबसे पहले होना चाहिए।
'यह हमारा स्वाभाविक गठबंधन है'
पीएम मोदी ने अपने संदेश में बीजेपी और अकाली दल के रिश्तों को पुराना बताते हुए कहा कि यह एक स्वाभाविक गठबंधन है, जो पंजाब को जनहितैषी शासन और विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने में मदद करेगा। उन्होंने लिखा कि अटल जी, आडवाणी जी और सरदार प्रकाश सिंह बादल जी के प्रयासों से सींचा गया अकाली दल-बीजेपी गठबंधन समय की कसौटी पर खरा उतरा है। प्रधानमंत्री ने भरोसा जताया कि आगामी समय में यह गठबंधन पंजाब के लोगों की पसंद बनेगा।
6 साल बाद फिर साथ आए BJP और अकाली दल
दरअसल, मंगलवार को दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने संयुक्त रूप से गठबंधन का ऐलान किया। दोनों पार्टियां 2027 में होने वाला पंजाब विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगी। इसके साथ ही अकाली दल की NDA में वापसी हो गई है। अमित शाह ने कहा कि अकाली दल NDA के सबसे पुराने सहयोगियों में से एक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सुखबीर सिंह बादल से फोन पर बात कर इस वापसी पर खुशी जताई थी। शाह के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने कहा था कि अकाली दल के आने से NDA अब पूरा हो गया है।
2020 में कृषि कानूनों के विरोध में टूटा था गठबंधन
बीजेपी और अकाली दल का गठबंधन करीब 24 साल तक चला था। दोनों पार्टियों ने 1997 से पंजाब में मिलकर चुनाव लड़ना शुरू किया था। हालांकि, सितंबर 2020 में केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के विरोध में अकाली दल ने NDA से नाता तोड़ लिया था। उस समय हरसिमरत कौर बादल ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा भी दे दिया था। इसके बाद 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में दोनों दल अलग-अलग मैदान में उतरे थे। अब करीब छह साल बाद दोनों पार्टियों ने फिर से साथ आने का फैसला किया है।
पंजाब के विकास और जनकल्याण पर रहेगा जोर
गठबंधन की घोषणा के दौरान अमित शाह ने नशे की समस्या खत्म करने, भ्रष्टाचार पर कार्रवाई, किसानों के मुद्दों और पंजाब के विकास को प्राथमिकता बताया। दोनों पार्टियां आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संयुक्त घोषणापत्र भी तैयार करेंगी। वहीं, प्रधानमंत्री मोदी ने अपने बयान में पंजाब के लोगों के कल्याण और राज्य की प्रगति को गठबंधन का प्रमुख उद्देश्य बताया है। अब दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे और चुनावी रणनीति को लेकर होने वाली बातचीत पर नजर रहेगी।
Also read: Pawan Kalyan Divorce: पवन कल्याण की तीसरी शादी में भी आई दरार, पत्नी अन्ना कोनिडाला से होंगे अलग; बच्चों की परवरिश पर कही ये बात