Bihar News:बिहार में खेल संस्कृति को मजबूत करने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने खेल विभाग की समीक्षा बैठक में दिसंबर 2026 से मार्च 2027 तक होने वाले खेल आयोजनों का कैलेंडर जारी करने का निर्देश दिया है। उन्होंने अधिकारियों से सभी खेल आयोजनों को सुव्यवस्थित और आकर्षक तरीके से आयोजित करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि प्रत्येक महीने कम से कम एक खेल कार्यक्रम में संबंधित प्रभारी मंत्री की सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि खिलाड़ियों का उत्साह बढ़े और खेल आयोजनों को प्रोत्साहन मिल सके।
बिहार में होंगे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को पटना स्थित लोक सेवक आवास के 'संकल्प' सभागार में खेल विभाग की समीक्षा बैठक की। इस दौरान दिसंबर 2026 से मार्च 2027 तक प्रस्तावित खेल आयोजनों की तैयारियों पर चर्चा हुई। बैठक में बिहार राज्य खेल सम्मान समारोह, मशाल टैलेंट आइडेंटिफिकेशन लॉन्च समारोह, राजगीर विंटर कैंप, FIE कैडेट/जूनियर पुरुष फॉयल विश्व कप, बिहार रोड साइकिलिंग चैंपियनशिप, FIH प्रो लीग और बिहार पुरुष कबड्डी लीग जैसे आयोजनों की योजना पर विचार किया गया। इसके अलावा राजगीर मैराथन 2027 भी प्रस्तावित है।
खेल परिसरों का निर्माण जल्द पूरा करने का निर्देश
मुख्यमंत्री ने राज्य में निर्माणाधीन खेल परिसरों का काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तैयार खेल परिसरों को संबंधित खेल संघों को जल्द से जल्द हस्तांतरित किया जाए, ताकि उनका बेहतर इस्तेमाल और रखरखाव हो सके। इसके साथ ही बिहार में खेल उपकरण निर्माण उद्योग को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में खेल सामग्री निर्माण की संभावनाओं को विकसित किया जाना चाहिए। इससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और औद्योगिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
पारंपरिक खेलों से लेकर ई-स्पोर्ट्स तक पर जोर
बैठक में खेलों को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए कई तरह के आयोजनों पर चर्चा हुई। इनमें बिहार के खेल इतिहास पर बिहार संग्रहालय में प्रदर्शनी, वरिष्ठ नागरिकों के लिए वॉकाथॉन, महिला योग सप्ताह, ई-स्पोर्ट्स प्रतियोगिता और स्वदेशी एवं जनजातीय खेल शामिल हैं। इसके अलावा गंगा तट पर बीच गेम्स कार्निवल और महिला कबड्डी लीग आयोजित करने की योजना पर भी विचार किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता का माध्यम नहीं हैं, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और स्वास्थ्य के साथ बिहार की पहचान को मजबूत करने का भी महत्वपूर्ण आधार हैं।
बैठक में खेल मंत्री श्रेयसी सिंह समेत अधिकारी रहे मौजूद
इस समीक्षा बैठक में खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह और संजय कुमार सिंह, खेल विभाग के सचिव दीपक आनंद तथा बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविन्द्रण शंकरण सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
Also read: आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों का मानदेय बढ़ाने पर खुशी, संगठनों ने सीएम धामी का जताया आभार