Bihar News:बिहार के वैशाली में 11 से 13 दिसंबर 2026 तक तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।** इस सम्मेलन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय-सह-स्मृति स्तूप परिसर का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को विदेशी मेहमानों और श्रद्धालुओं के लिए आवासन, भोजन, परिवहन और सुरक्षा की बेहतर व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि बौद्धिस्ट देशों से आने वाले प्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं को बिहार के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाए। इसके लिए पर्यटन विभाग के साथ समन्वय कर बोधगया, राजगीर और केसरिया सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थलों की यात्रा की कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।
सम्मेलन में शामिल होने वाले विदेशी प्रतिनिधियों से संपर्क बनाए रखने और उन्हें आमंत्रण भेजने के लिए विशेष टीम गठित करने का भी निर्देश दिया गया। उनके आवागमन के लिए ई-बसों की व्यवस्था करने को कहा गया।
अभिषेक पुष्करणी तालाब का होगा सौंदर्यीकरण
मुख्यमंत्री ने अभिषेक पुष्करणी तालाब का सौंदर्यीकरण कराने और परिसर में विभिन्न प्रकार के स्टॉल लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोजन को मेले जैसा स्वरूप दिया जाए और इसमें स्थानीय लोगों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाए।
पर्यटन स्थलों पर स्थायी हेलीपैड बनाने की योजना
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वैशाली के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व को देखते हुए यहां स्थायी हेलीपैड बनाने का निर्देश दिया। साथ ही बिहार के प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों पर भी स्थायी हेलीपैड विकसित करने की योजना तैयार करने को कहा।
उन्होंने सम्मेलन से पहले सड़कों की मरम्मत, विशेष ट्रैफिक प्लान, पार्किंग, CCTV निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। बैठक में कला एवं संस्कृति मंत्री प्रमोद कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, डीजीपी प्रीता वर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
Also read: बिहार में 'नीतीश सेतु' बना सियासी अखाड़ा, RJD समर्थकों ने किया उत्पात, VIDEO वायरल