Jharkhand News: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को शुक्रवार शाम उनके राजनीतिक जीवन और राज्य के संघर्षों पर आधारित हिंदी और अंग्रेजी की दो पुस्तकें भेंट की गईं। पत्रकार एवं लेखक डॉ. सोमनाथ आर्य और प्रकाशक संस्था ‘और एक प्रयास’ की अध्यक्ष लक्ष्मी कुमारी ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर पुस्तकों की प्रतियां सौंपीं।
दोनों पुस्तकों के नाम ‘हूल से हेमंत तक — आदिवासी अस्मिता, सत्ता और संघर्ष की अनकही दास्तान’ और ‘The Invisible Coup: Hemant Soren, Jharkhand and the Politics of Power’ हैं।
आदिवासी आंदोलनों से हेमंत सोरेन की राजनीति तक
470 पृष्ठों की हिंदी पुस्तक ‘हूल से हेमंत तक’ में 1855 के संताल हूल, बिरसा मुंडा के उलगुलान और शिबू सोरेन के आंदोलन से लेकर हेमंत सोरेन की राजनीतिक यात्रा को शामिल किया गया है। इसमें आदिवासी अस्मिता, जमीन, पहचान और राजनीतिक हिस्सेदारी से जुड़े संघर्षों के साथ नेताओं की गिरफ्तारी और कानूनी लड़ाइयों का भी जिक्र है।
149 दिनों की हिरासत से सत्ता में वापसी तक
605 पृष्ठों और 48 अध्यायों वाली अंग्रेजी पुस्तक ‘द इनविजिबल कूप’ में हेमंत सोरेन के राजनीतिक संकट के दौर को दर्ज किया गया है। इसमें 31 जनवरी 2024 को इस्तीफे और गिरफ्तारी, 149 दिनों की हिरासत, 28 जून को रिहाई और जुलाई में मुख्यमंत्री पद पर वापसी से लेकर विधानसभा चुनाव में मिले नए जनादेश तक का घटनाक्रम शामिल है।
कल्पना सोरेन की भूमिका और शिबू सोरेन को भी जगह
पुस्तक में गिरफ्तारी से पहले और रिहाई के बाद हेमंत सोरेन के साक्षात्कारों के जरिए उनका पक्ष रखा गया है। साथ ही राजभवन, निर्वाचित सरकार और संवैधानिक प्रक्रिया की भूमिका पर भी चर्चा की गई है। इसका एक फोटो अध्याय शिबू सोरेन के निधन के बाद हेमंत सोरेन के पारिवारिक जीवन और शोक पर केंद्रित है। राजनीतिक संकट के दौरान कल्पना सोरेन की सार्वजनिक भूमिका को भी जगह दी गई है।
Also read: हरियाणा में महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी, 5 लाख रुपये का अवार्ड जीतने का मौका, ऐसे करें आवेदन