Anant Singh Daughter Wedding: बिहार के बाढ़ अनुमंडल का नदामा उर्फ लदमा गांव इन दिनों शाही शादी के जश्न में डूबा हुआ है। मोकामा के विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी को लेकर पूरे गांव को दुल्हन की तरह सजाया गया है। घर से लेकर गांव की गलियों तक शादी की रौनक देखने को मिल रही है। आज शाम शिवांगी सिंह की हल्दी की रस्म निभाई जा रही है, जिसमें परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
शिवांगी सिंह की हल्दी रस्म के खास मौके पर अनंत कुमार सिंह की पत्नी नीलम देवी, उनके तीनों बेटे, बड़ी बेटी, दामाद और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे। रिश्तेदारों की मौजूदगी में पूरे परिवार ने हल्दी की रस्म में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। गांव में शादी को लेकर उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है।
घुड़दौड़ से लेकर कलाकारों के प्रदर्शन तक की तैयारी
इस शाही शादी की तैयारियां कई दिन पहले से चल रही हैं। शादी में मेहमानों के स्वागत और आयोजन को खास बनाने के लिए बड़े पैमाने पर मिठाइयां बनाने का काम शुरू हो चुका है। अलग-अलग नस्लों के आकर्षक घोड़े भी लदमा गांव पहुंच चुके हैं। आगामी 25 नवंबर को गांव में भव्य घुड़दौड़ का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा मुंबई से आने वाले कलाकारों के विशेष प्रदर्शन की भी तैयारी की जा रही है। शादी समारोह में मनोरंजन के लिए खास इंतजाम किए जा रहे हैं, जिससे आयोजन को यादगार बनाया जा सके।
बारिश के बावजूद तैयारियों में जुटे अनंत सिंह
शिवांगी सिंह की शादी में बिहटा की ओर से बारात पहुंचनी है। बारात के स्वागत के लिए भी विशेष व्यवस्था की जा रही है। हालांकि, बारिश के कारण तैयारियों में कुछ बाधाएं आई हैं, लेकिन आयोजन की तैयारियों पर इसका खास असर नहीं पड़ने दिया जा रहा। अनंत सिंह खुद तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं और शादी समारोह को भव्य बनाने में जुटे हैं। लदमा गांव में शादी को लेकर जिस तरह से सजावट और आयोजन की तैयारियां की गई हैं, उससे पूरे इलाके में इस शाही शादी की चर्चा हो रही है।