Haryana News: हरियाणा सरकार नगर निकायों को आत्मनिर्भर, जवाबदेह और बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने वाली स्थानीय सरकारों के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। इसके लिए शहरों में सफल कार्यप्रणालियों को दूसरे निकायों तक पहुंचाने, राजस्व के नए स्रोत तलाशने, डिजिटल सेवाओं को मजबूत करने और जनभागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने सोमवार को गुरुग्राम विश्वविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में यह बात कही।
‘हरियाणा में पंचायतों और नगरपालिकाओं का सशक्तिकरण स्थानीय निकायों से स्थानीय सरकारों तक’ विषय पर आयोजित सम्मेलन के दौरान शहरी स्थानीय निकायों की सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों पर विशेष सत्र हुआ। इसकी अध्यक्षता करते हुए मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि शहरों में अपनाई जा रही अच्छी कार्यप्रणालियों को दस्तावेज के रूप में तैयार किया जाएगा। इसके बाद इन्हें प्रदेश के सभी नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर पालिकाओं तक पहुंचाया जाएगा, ताकि दूसरे निकाय भी इन अनुभवों से सीखकर अपने कामकाज में सुधार कर सकें।
उन्होंने कहा कि नगर निकायों की आय बढ़ाने के लिए प्रॉपर्टी टैक्स, विभिन्न फीस और उपलब्ध शहरी संपत्तियों का बेहतर इस्तेमाल किया जाना चाहिए। विज्ञापन के जरिए आय के वैकल्पिक स्रोत तलाशने और पूजा सामग्री के अपशिष्ट प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में भी नए विकल्प अपनाने की जरूरत है।
87 में से 84 निकायों में टेंडर प्रक्रिया पूरी
विपुल गोयल ने बताया कि प्रदेश के 87 शहरी स्थानीय निकायों में से 84 में टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इसके साथ ही लेगेसी वेस्ट यानी पुराने कचरे के प्रबंधन के क्षेत्र में भी प्रगति हुई है। उन्होंने जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने और शहरों में साफ-सफाई, पेयजल, सीवर, जल निकासी, सड़क तथा स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
मंत्री ने कहा कि नागरिकों को बेहतर सेवाएं देने के लिए डिजिटल सुविधाओं का विस्तार भी जरूरी है। इसके अलावा मेयर, पार्षदों और नगर निकायों के कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
राजस्व बढ़ाने के लिए नए वित्तीय मॉडल अपनाने की सलाह
मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर ने नगर निकायों को अपनी वित्तीय और प्रशासनिक शक्तियों का प्रभावी इस्तेमाल करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि निकायों को गारबेज फीस, उपलब्ध संपत्तियों के बेहतर उपयोग और नए वित्तीय मॉडल के जरिए अपनी आय बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने जनहित से जुड़ी परियोजनाओं में पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल अपनाने और कामकाज में पारदर्शिता बनाए रखने पर भी जोर दिया।
सोनीपत और करनाल के मेयर ने साझा किए अनुभव
सम्मेलन के सत्र में सोनीपत के मेयर राजीव जैन, करनाल की मेयर रेणु बाला और महाराष्ट्र के मलकापुर से तेजस सोनवले ने अपने-अपने शहरों में अपनाई जा रही बेहतर कार्यप्रणालियों और अनुभवों को साझा किया। सम्मेलन का उद्देश्य स्थानीय निकायों को अधिक सक्षम बनाना और उन्हें नागरिकों की जरूरतों के अनुरूप प्रभावी स्थानीय सरकार के रूप में विकसित करना है।