Uttarakhand News: उत्तराखंड की धामी सरकार ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए अगले महीने 'बैनी-भूली योजना' शुरू करने जा रही है। इस योजना के तहत स्वयं सहायता समूहों (SHGs) से जुड़ी 5.23 लाख पात्र महिलाओं को कुल 20,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मुताबिक, यह राशि दो किश्तों में सीधे महिलाओं के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी। योजना की पहली किश्त दिसंबर 2026 में जारी होगी।
योजना के तहत प्रत्येक पात्र महिला को पहली किश्त के रूप में 10,000 रुपये दिए जाएंगे। इसके लिए राज्य सरकार कुल 523 करोड़ रुपये जारी करेगी। बाकी 10,000 रुपये दूसरी किश्त में दिए जाएंगे। सरकार ने इस योजना के माध्यम से प्रदेश की 5.23 लाख ग्रामीण महिलाओं को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि महिलाओं का सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। सरकार चाहती है कि प्रदेश की हर बेटी को शिक्षा और तरक्की के समान अवसर मिलें और महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत बनें।
SHG से जुड़ी महिलाओं को मिलेगा सीधा फायदा
ग्रामीण विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी ने बताया कि बैनी-भूली योजना के तहत स्वयं सहायता समूहों, ग्रामीण आजीविका मिशन और स्वरोजगार से जुड़ी महिलाओं को सीधे आर्थिक मदद दी जाएगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण महिलाएं खेती, पशुपालन, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों के निर्माण के जरिए अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में अहम योगदान दे रही हैं। सरकार का उद्देश्य आर्थिक सहायता के साथ-साथ महिलाओं के लिए रोजगार और आजीविका के बेहतर अवसर तैयार करना है, ताकि वे अपने काम को आगे बढ़ा सकें और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में योगदान दे सकें।
'लखपति दीदी' बनाने के लिए भी चल रहे प्रयास
मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं चला रही है। इनमें महिलाओं को 'लखपति दीदी' बनाने के कार्यक्रम, स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग और मार्केटिंग को बढ़ावा देना तथा महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करना शामिल है। उन्होंने शिक्षा, रोजगार, उद्यमिता, स्वास्थ्य और खेल के क्षेत्र में सरकार की पहलों का भी जिक्र किया। साथ ही समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने को भी सरकार के महत्वपूर्ण फैसलों में शामिल बताया।
शहरी महिलाओं के लिए भी आएगी अलग योजना
ग्रामीण महिलाओं के लिए बैनी-भूली योजना शुरू करने की तैयारी के बीच शहरी महिलाओं को इसके दायरे में शामिल करने को लेकर भी सवाल उठे। इस पर ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि सरकार शहरी क्षेत्रों की महिलाओं के लिए जल्द ही एक अलग योजना लेकर आएगी। इससे साफ है कि सरकार ग्रामीण महिलाओं के साथ-साथ शहरी महिलाओं को भी आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए अलग पहल करने की तैयारी में है।