Meerut Terrorist Arrested: जम्मू-कश्मीर के सैन्य एयरबेस पर फिदायीन हमले की साजिश का तार मेरठ से जुड़ने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। मेरठ पुलिस ने कोतवाली इलाके में छापा मारकर आरोपी उजैद को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में उसके पाकिस्तानी आतंकी हैंडलर और शहजाद भट्टी गैंग से संपर्क होने की बात सामने आ रही है।
मोबाइल चैट में छिपा है साजिश का राज
पुलिस उजैद के मोबाइल से मिली चैट्स की बारीकी से जांच कर रही है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या इन चैट्स में जम्मू-कश्मीर के सैन्य एयरबेस को निशाना बनाने की साफ-साफ प्लानिंग हुई थी, या फिर उजैद को किसी बड़े आतंकी नेटवर्क से निर्देश मिल रहे थे।जांच टीम चैट्स में इस्तेमाल हुए मोबाइल नंबरों, कॉन्टैक्ट्स और बातचीत के पैटर्न को खंगाल रही है। ये भी पता लगाया जा रहा है कि बात सीधे पाकिस्तानी हैंडलर से होती थी या बीच में कोई और व्यक्ति था। इन सबूतों से हमले की टाइमलाइन और तैयारी का लेवल भी सामने आएगा।
Also read: दिल्ली में फ्री बिजली का नया नियम, सब्सिडी के लिए कराना होगा रजिस्ट्रेशन, जानें पूरी प्रक्रिया
शहजाद भट्टी गैंग से कनेक्शन की जांच
उजैद के शहजाद भट्टी गैंग से जुड़े होने की आशंका भी जांच का बड़ा हिस्सा है। पुलिस ये पता लगा रही है कि वो गैंग के सीधे संपर्क में था या किसी बिचौलिए के जरिए जुड़ा था।ये भी जांच हो रही है कि क्या उजैद को किसी खास टास्क के लिए तैयार किया जा रहा था, या वो हमले में एक्टिव रोल निभाने वाला था। पाकिस्तानी हैंडलर से संपर्क की बात सामने आने के बाद विदेशी कनेक्शन की भी गहन जांच हो रही है।