Apple ने भारत में Apple Pay को आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया है। इसके साथ ही iPhone, iPad और Apple Watch यूजर्स अब अपने योग्य कार्ड को Apple Wallet में जोड़कर दुकानों, ऐप्स और वेबसाइट्स पर आसान तरीके से भुगतान कर सकेंगे। Mac के लिए भी Apple Pay सपोर्ट जल्द उपलब्ध कराया जाएगा। भारत में लॉन्च के समय Apple Pay सिर्फ Axis Bank द्वारा जारी Visa और Mastercard क्रेडिट कार्ड को सपोर्ट करता है। इन कार्ड्स को Apple Wallet में जोड़ने के बाद यूजर्स कॉन्टैक्टलेस पेमेंट वाले स्टोर और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भुगतान कर सकते हैं।
बिना PIN और OTP के होगा भुगतान
Apple Pay की खासियत यह है कि स्टोर में पेमेंट करते समय हर बार कार्ड का PIN या OTP दर्ज करने की जरूरत नहीं होगी। iPhone में साइड बटन या होम बटन को दो बार दबाकर Face ID, Touch ID या डिवाइस पासकोड से पहचान सत्यापित करनी होगी। इसके बाद iPhone के ऊपरी हिस्से को कॉन्टैक्टलेस रीडर के पास ले जाने पर भुगतान हो जाएगा। Apple Watch से भी इसी तरह कॉन्टैक्टलेस पेमेंट किया जा सकता है। ऑनलाइन भुगतान के दौरान भी यूजर को बार-बार कार्ड की जानकारी दर्ज करने की जरूरत कम होगी।
सुरक्षा और प्राइवेसी पर जोर
Apple ने कहा है कि Apple Pay में यूजर्स की कार्ड जानकारी की सुरक्षा और प्राइवेसी को प्राथमिकता दी गई है। कार्ड नंबर डिवाइस या Apple के सर्वर पर स्टोर नहीं किया जाता और पेमेंट के दौरान इसे व्यापारी के साथ भी साझा नहीं किया जाता। इसके बजाय Apple एक अलग Device Account Number का इस्तेमाल करता है, जिसे डिवाइस के Secure Element में सुरक्षित तरीके से स्टोर किया जाता है।
ऐसे जोड़ें Apple Pay में कार्ड
यूजर Axis Bank ऐप के नए वर्जन के जरिए सीधे Apple Wallet में योग्य कार्ड जोड़ सकते हैं। इसके अलावा iPhone में Wallet ऐप खोलकर ‘+’ बटन दबाने के बाद दिए गए निर्देशों का पालन किया जा सकता है। लॉन्च के साथ Apple Pay को Apple Store, Blinkit, Chaayos, Croma, Ixigo, Reliance Brands, Tata 1mg और Zomato जैसे कई प्लेटफॉर्म और व्यापारियों पर इस्तेमाल किया जा सकेगा। Apple ने Cashfree, JusPay, Mswipe, Paytm, PayU, Pine Labs, Razorpay और Worldline जैसे पेमेंट सर्विस प्रोवाइडर्स के साथ भी साझेदारी की है।
UPI से अलग है Apple Pay
भारत में Apple Pay का मॉडल UPI से अलग है। UPI में बैंक अकाउंट से सीधे भुगतान किया जाता है और QR कोड के जरिए छोटे-बड़े दुकानदारों तक पेमेंट आसानी से पहुंच जाता है। वहीं Apple Pay फिलहाल क्रेडिट कार्ड को डिजिटल वॉलेट में जोड़कर कार्ड आधारित भुगतान की सुविधा देता है। इसलिए शुरुआती तौर पर Apple Pay का इस्तेमाल खासकर उन यूजर्स के बीच ज्यादा हो सकता है जो क्रेडिट कार्ड और कॉन्टैक्टलेस पेमेंट का इस्तेमाल करते हैं। Apple के मुताबिक, Apple Pay अब 90 से ज्यादा देशों और क्षेत्रों में उपलब्ध है और इसके साथ 11,000 से अधिक बैंक और नेटवर्क पार्टनर जुड़े हैं
Also read: Skoda Slavia Facelift: नई स्कोडा स्लाविया का प्रोडक्शन शुरू, जानें भारत में कब होगी लॉन्च