Azam Khan News: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं। करीब 20 साल पुराने जमीन विवाद से जुड़े मामले में पुलिस नोटिस लेकर उनके आवास पर पहुंची। रविवार को पटवाई थाना प्रभारी पवन शर्मा पुलिस टीम के साथ आजम खान के घर पहुंचे और करीब 20 मिनट तक इंतजार किया। इसके बाद पुलिस ने उनके अधिवक्ता को नोटिस सौंपा और वापस लौट गई।
इस कार्रवाई के बाद एक बार फिर उत्तर प्रदेश की सियासत में आजम खान को लेकर चर्चा तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि आजम खान कुछ दिन पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आए हैं। इसके बाद से ही वह अपने बयानों को लेकर लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं।
क्या है 20 साल पुराना जमीन विवाद?
यह पूरा मामला वर्ष 2006 का है। रामपुर के गंज थाना क्षेत्र में तूती वाले मकबरे के पास स्थित एक जमीन से प्रशासन ने कब्जा हटवाया था। इस कार्रवाई को लेकर मोहल्ला सराय सहादत यार खान निवासी अफसर खान ने शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि संबंधित जमीन अफसर अली की थी और प्रशासन ने बिना नोटिस दिए ही वहां से कब्जा हटवा दिया। इस कार्रवाई के पीछे समाजवादी पार्टी नेता आजम खान का इशारा होने का आरोप भी लगाया गया था।
2007 में दर्ज हुआ था मुकदमा
शिकायत के आधार पर वर्ष 2007 में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसमें आजम खान के साथ तत्कालीन एसडीएम नलिन सिंह अवस्थी को भी नामजद किया गया था। मामले की जांच निरीक्षक पवन कुमार शर्मा को सौंपी गई थी। बताया जा रहा है कि मुकदमा दर्ज कराने वाले अफसर खान का निधन हो चुका है। फिलहाल इस मामले में जुल्फिकार पैरवी कर रहे हैं। वहीं, तत्कालीन एसडीएम नलिन सिंह अवस्थी का भी निधन हो चुका है।
आजम खान के अधिवक्ता को सौंपा गया नोटिस
इसी पुराने मामले में रविवार को पटवाई थाना प्रभारी पवन शर्मा पुलिस टीम के साथ आजम खान के आवास पर पहुंचे थे। पुलिस ने करीब 20 मिनट तक इंतजार किया। इसके बाद आजम खान के अधिवक्ता को नोटिस सौंप दिया गया। हालांकि, पुलिस की ओर से जारी नोटिस में क्या निर्देश दिए गए हैं और मामले में आगे की कार्रवाई क्या होगी, इसकी विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। करीब दो दशक पुराने इस मामले में पुलिस की ताजा कार्रवाई के बाद अब आगे की कानूनी प्रक्रिया पर नजर रहेगी।
Also read: CM धामी ने चम्पावत को दी बड़ी सौगात, ₹165 करोड़ की 54 योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास