Good news for Agniveers: अग्निपथ योजना के तहत भर्ती हुए पहले बैच के अग्निवीरों को केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। सरकार ने उनकी चार साल की सेवा अवधि में दो साल का इजाफा करने के फैसले पर मुहर लगा दी है। पहले बैच के अग्निवीरों का कार्यकाल 21 नवंबर को पूरा होने वाला था, लेकिन अब उन्हें दो साल अतिरिक्त सेवा का मौका मिलेगा। इस विस्तार को ‘सेकेंड टूर ऑफ ड्यूटी’ नाम दिया गया है।
सीडीएस जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने इसकी घोषणा करते हुए बताया कि "आज भारतीय रक्षा बलों और हमारे 'अग्निवीरों' के लिए बहुत महत्वपूर्ण दिन है। कैबिनेट ने सभी अग्निवीरों के लिए भारतीय रक्षा बलों में शामिल होने का रास्ता खोल दिया है। जैसा कि आप जानते हैं, 'अग्निपथ' योजना 14 जून 2022 को शुरू की गई थी। उस समय यह कहा गया था कि अग्निवीरों के प्रदर्शन का लगातार मूल्यांकन किया जाएगा और समय-समय पर इस योजना की समीक्षा की जाएगी। अग्निवीरों का पहला बैच अब अपना चार साल का कार्यकाल पूरा करने के करीब है। इन चार वर्षों में किए गए प्रदर्शन मूल्यांकन के आधार पर, हमें उनके काम को लेकर बहुत सकारात्मक फीडबैक मिला है।
इच्छुक अग्निवीरों को निर्धारित चयन प्रक्रिया से गुजरना होगा
सीडीएस जनरल एनएस सुब्रमण्यम ने बताया कि अग्निपथ योजना के तहत पहले से तय व्यवस्था के अनुसार, योग्यता के आधार पर 25 प्रतिशत अग्निवीरों को नियमित सेना में शामिल किया जाना था, जबकि बाकी 75 प्रतिशत को चार साल की सेवा के बाद वापस समाज में लौटना था। हालांकि, अब केंद्रीय कैबिनेट ने इस व्यवस्था में बदलाव को मंजूरी दे दी है। नई योजना के तहत शेष 75 प्रतिशत अग्निवीरों को दो साल का अतिरिक्त सेवा विस्तार मिलेगा। इस अवधि के पूरा होने के बाद सशस्त्र बलों में बने रहने के इच्छुक अग्निवीरों को निर्धारित चयन प्रक्रिया से गुजरना होगा। इसके बाद चयन के आधार पर उन्हें नियमित सेना में शामिल होने का अवसर दिया जाएगा।