Afg vs Zim: अफगानिस्तान ने दूसरे T20I मुकाबले में जिम्बाब्वे को 19 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। इस मुकाबले में अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान ने भी इतिहास रच दिया। वह पुरुष T20I क्रिकेट में 200 विकेट लेने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बन गए हैं। राशिद ने अपने करियर के 120वें T20I मैच में यह उपलब्धि हासिल की। इस सूची में इंग्लैंड के आदिल राशिद 153 मैचों में 171 विकेट के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने पावरप्ले के भीतर ही महज 5 रन पर अपने चार विकेट गंवा दिए। इसके बाद नौवें ओवर तक पांचवां विकेट भी गिर गया। हालांकि, अज़मतुल्लाह उमरज़ई और एजाज अहमदज़ई ने पारी को संभालते हुए शानदार साझेदारी की। दोनों बल्लेबाजों ने छठे विकेट के लिए 142 रन जोड़े, जो T20I क्रिकेट में छठे या उससे निचले क्रम के विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी बन गई।
उमरज़ई ने जड़ा पहला T20I शतक
अज़मतुल्लाह उमरज़ई ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपने T20I करियर का पहला शतक लगाया। उन्होंने 116 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 12 छक्के और पांच चौके शामिल रहे। वह T20I क्रिकेट में शतक लगाने वाले अफगानिस्तान के चौथे बल्लेबाज बने। वहीं, एजाज अहमदज़ई ने भी 52 रन का अहम योगदान दिया। दोनों की पारियों की बदौलत अफगानिस्तान ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 221 रन बनाए। यह T20I क्रिकेट का ऐसा पहला मौका रहा, जब किसी टीम ने शुरुआती चार विकेट 20 रन से कम पर गंवाने के बावजूद 200 से अधिक का स्कोर खड़ा किया। यह अफगानिस्तान का इस फॉर्मेट में तीसरा सबसे बड़ा स्कोर भी रहा।
सिकंदर रजा का शतक भी जिम्बाब्वे को नहीं दिला सका जीत
222 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम शुरुआत से ही दबाव में रही। मेजबान टीम ने पारी के बीच तक 85 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे। हालांकि, कप्तान सिकंदर रजा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मुकाबले में अपनी टीम की वापसी कराने की कोशिश की। उन्होंने पांच चौकों और नौ छक्कों की मदद से अपना दूसरा T20I शतक लगाया, लेकिन उनकी यह पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी।
अफगानिस्तान ने 19 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया और सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली। यह जीत टीम के लिए खास रही, क्योंकि एक तरफ उमरज़ई ने शतकीय पारी खेली तो दूसरी ओर राशिद खान ने 200 T20I विकेट पूरे कर इतिहास रच दिया।