Delhi Weather Update: दिल्ली-NCR में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राजधानी में रातभर हुई बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और लोगों को ठंडक का एहसास होने लगा है। देर रात हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन और जामिया मिलिया इस्लामिया समेत कई इलाकों में लगातार बारिश देखने को मिली। बारिश के कारण सड़कें पानी से भीग गईं और आसमान में घने बादल छाए रहे। मौसम में आए इस बदलाव को सर्दियों की आहट के तौर पर देखा जा रहा है। वहीं, बारिश का असर दिल्ली की हवा पर भी पड़ा है और प्रदूषण के स्तर में सुधार दर्ज किया गया है।
दिल्ली में बारिश के बाद AQI में सुधार
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) शुक्रवार सुबह 4 बजे 133 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है। इससे पहले बुधवार और गुरुवार को राजधानी का AQI 200 के पार पहुंच गया था और हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में बनी हुई थी। ऐसे में रातभर हुई बारिश से प्रदूषण के स्तर में कुछ राहत मिली है।
दिल्ली-NCR में 30 अक्टूबर तक बारिश का अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 29 अक्टूबर को दिल्ली और आसपास के NCR क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया था। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना है। कुछ स्थानों पर तेज आंधी और बिजली गिरने का भी खतरा है। 30 अक्टूबर तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। इस दौरान सुबह से दोपहर तक कई इलाकों में मध्यम बारिश हो सकती है।
नवंबर की शुरुआत में साफ होगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, 31 अक्टूबर को दिल्ली-NCR में आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं। हालांकि, इस दिन मौसम को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। वहीं, 1 और 2 नवंबर को राजधानी और आसपास के जिलों में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने तथा मौसम स्थिर होने का अनुमान है। ऐसे में बारिश के बाद दिल्ली-NCR के लोगों को नवंबर की शुरुआत में राहत मिल सकती है।