Aaj Ka Mausam 14 November 2026: देशभर में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। ठंडी हवाओं की वजह से उत्तर भारत में सर्दी का असर देखने को मिला है, जबकि दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 14 नवंबर को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है, जिनके झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। वहीं, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी मौसम में बदलाव के आसार हैं। इसके अलावा तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और आंध्र प्रदेश में बारिश हो सकती है, जबकि अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भारी बारिश का अलर्ट है।
IMD के अनुसार, आज के दिन यानी 14 नवंबर को देश के कई राज्यों में उतार-चढ़ाव देखने को मिला सकता है। उत्तर भारत के पहाड़ी इलाके जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई हिस्सों में बारिश के आसार है। वहीं पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी यूपी और पश्चिमी राजस्थान में भी हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है। वहीं, दक्षिण भारत के तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी कई जगहों पर बारिश के साथ कुछ इलाकों में भारी वर्षा का अनुमान जताया गया है। हालांकि, मध्य, पश्चिम और पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में मौसम साफ और शुष्क बने रहने की उम्मीद है।
दिल्ली-यूपी में बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक, 14 नवंबर को दिल्ली और उत्तर प्रदेश के मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। राजधानी दिल्ली में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने के आसार हैं, जबकि सुबह के समय धुंध और ठंड का असर बना रह सकता है। वहीं, उत्तर प्रदेश की बात करें तो पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, जबकि पूर्वी यूपी समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। सुबह और रात के समय तापमान में गिरावट के चलते ठंड का एहसास बढ़ सकता है।
पहाड़ी राज्यों में बदल सकता है मौसम का मिजाज
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में मौसम का मिजाज का बदल सकता है। उत्तराखंड के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड का असर ज्यादा देखने को मिलेगा। देहरादून समेत मैदानी इलाकों में आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। वहीं, हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से शिमला, कुल्लू, कांगड़ा, चंबा और लाहौल-स्पीति समेत कुछ क्षेत्रों में बारिश के आसार हैं। दूसरी तरफ जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और इनके झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है।