Search KhabarFast

Press ESC to close

US News: अमेरिका में बड़ा एविएशन संकट! एक तकनीकी खराबी से थम गई हवाई यात्रा, हजारों उड़ानें ठप

US News: अमेरिका में बड़ा एविएशन संकट! एक तकनीकी खराबी से थम गई हवाई यात्रा, हजारों उड़ानें ठप

US News: अमेरिका में टेलीकम्युनिकेशन सिस्टम में आई तकनीकी खराबी ने हवाई यातायात को बुरी तरह प्रभावित किया। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने एहतियात के तौर पर देशभर के सभी अमेरिकी एयरपोर्ट पर ग्राउंड स्टॉप लागू कर दिया, जिसके चलते हजारों उड़ानों को रोकना पड़ा। फ्लाइट ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म फ्लाइटअवेयर के मुताबिक, इस व्यवधान के कारण करीब 7,000 उड़ानें देरी से चलीं या रद्द करनी पड़ीं। वहीं, फ्लाइटरडार24 के अनुसार, ग्राउंड स्टॉप का आदेश जारी होने के समय करीब 4,042 विमान हवा में थे और अमेरिकी एयरपोर्ट की ओर बढ़ रहे थे।

FAA के मुताबिक, टेलीकम्युनिकेशन में अस्थायी रुकावट के कारण अमेरिका के सभी 22 एयर रूट ट्रैफिक कंट्रोल सेंटर प्रभावित हुए। ये केंद्र अपने-अपने क्षेत्रों में विमानों की आवाजाही और खासतौर पर आने वाली उड़ानों को दिशा देने की जिम्मेदारी संभालते हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए FAA ने सभी उड़ानों को अस्थायी रूप से रोकने का फैसला लिया। अधिकारियों ने बताया कि तकनीकी विशेषज्ञ समस्या की जांच में जुटे हैं और हर विमान की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को अलग-अलग मामलों के आधार पर संभालने की बात भी कही गई।

परिवहन मंत्री ने दी जानकारी, FAA ने बताया एहतियाती कदम

अमेरिका के परिवहन मंत्री सीन डफी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इस घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि संचार व्यवस्था में आई समस्या का असर देशभर के एयर ट्रैफिक कंट्रोल ऑपरेशन पर पड़ा है। FAA के तकनीशियन खराबी की वजह पता लगाने में जुटे हैं। वहीं, FAA ने स्पष्ट किया कि यह टेलीकम्युनिकेशन सिस्टम में आई अस्थायी बाधा थी और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उड़ानें रोकी गई थीं।

होमलैंड सिक्योरिटी सेक्रेटरी बोले- यात्रियों की सुरक्षा को खतरा नहीं

अमेरिका के होमलैंड सिक्योरिटी सेक्रेटरी मार्कवेन मुलिन ने इस घटना पर लोगों को भरोसा दिलाया कि फिलहाल देश की सुरक्षा को लेकर चिंता की कोई वजह नहीं है। व्हाइट हाउस के बाहर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि सभी विमानों का रिकॉर्ड रखा गया है और यात्री सुरक्षित हैं। उन्होंने साफ किया कि यह घटना दूसरा 9/11 नहीं है। मुलिन के मुताबिक, तकनीकी खराबी को ठीक करने में कुछ समय लग सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि अभी तक किसी जानबूझकर किए गए हमले का कोई संकेत नहीं मिला है।

AI टूल से कनेक्शन की भी हो रही जांच

इस तकनीकी गड़बड़ी के पीछे संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों से जब एयर ट्रैफिक कंट्रोलर्स की मदद के लिए तैयार किए जा रहे नए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल की भूमिका को लेकर सवाल पूछा गया, तो मुलिन ने कहा कि फिलहाल किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने के बाद ही किसी नतीजे पर पहुंचा जा सकेगा। इस बीच, उन्होंने पुष्टि की कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को भी पूरे घटनाक्रम की जानकारी दे दी गई है।

9/11 हमले के बाद दूसरी बड़ी घटना

दी गई जानकारी के मुताबिक, 11 सितंबर 2001 के आतंकी हमलों के बाद यह अमेरिका में देशव्यापी ग्राउंड स्टॉप की दूसरी बड़ी घटना बताई जा रही है। इस व्यवधान ने अमेरिकी एविएशन सिस्टम में संचार व्यवस्था की अहमियत को एक बार फिर उजागर कर दिया है। फिलहाल अधिकारी तकनीकी खराबी की वजह का पता लगाने और हवाई यातायात को सामान्य करने में जुटे हैं।

Leave Your Comments



संबंधित समाचार

Microsoft Outage: 20 घंटे बाद पटरी पर लौट रहीं माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं, 74 देशों में लाखों बिजनेस प्रभावित

Microsoft Outage:माइक्रोसॉफ्ट की आउटलुक और क्लाउड सर्विस में 12 नवंबर को आई तकनीकी दिक्कत के बाद अब सेवाएं धीरे-धीरे बहाल हो रही हैं। कंपनी ने पुष्टि की है कि ज्यादातर क्षेत्रों में सर्विस रिस्टोर कर दी गई है। हालांकि, करीब 20 घंटे तक चली इस परेशानी ने दुनिया के 74 देशों में लाखों कारोबारों को प्रभावित किया।

जेनसन हुआंग के बाद किसे मिलेगी NVIDIA की कमान, भारतीय समेत रेस में 3 बड़े नाम शामिल

NVIDIA CEO: जेनसन हुआंग के इस्तीफे के बाद NVIDIA के नए सीईओ की तलाश तेज हो गई है। कंपनी ने कोलेस क्रेस को अंतरिम सीईओ नियुक्त किया है लेकिन, स्थाई सीईओ की तलाश जारी है।

लाइव अपडेट

बड़ी खबरें

Khabar Fast