Chandigarh Municipal Corporation Election 2026: चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इस लिस्ट में कुल 9 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं, जिनमें 5 महिलाएं हैं। खास बात यह है कि चंडीगढ़ के पूर्व मेयर कुलदीप कुमार को भी पार्टी ने चुनावी मैदान में उतारा है। उन्हें वार्ड नंबर 24 से टिकट दिया गया है।
AAP की यह सूची पार्टी के चंडीगढ़ राज्य प्रभारी जरनैल सिंह और चंडीगढ़ इकाई के अध्यक्ष विजय पाल सिंह के संयुक्त हस्ताक्षरों से जारी की गई है। दिसंबर 2026 में प्रस्तावित नगर निगम चुनाव को देखते हुए पार्टी ने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान शुरू कर दिया है।
AAP की पहली लिस्ट में इन 9 उम्मीदवारों को मिला टिकट
आम आदमी पार्टी की ओर से जारी पहली सूची में 9 उम्मीदवारों को जगह दी गई है। इनमें 5 महिला उम्मीदवार शामिल हैं।
गुरप्रीत कौर लड्डी -21
अंजू कात्याल -22
कुलदीप कुमार -24
राधिका ढींगरा -25
सतनाम कौर -30
एडवोकेट अरुण प्रभा खुरचा -32
पूर्व मेयर कुलदीप कुमार को वार्ड नंबर 24 से टिकट
AAP ने चंडीगढ़ के पूर्व मेयर कुलदीप कुमार पर एक बार फिर भरोसा जताया है। पार्टी ने उन्हें वार्ड नंबर 24 से उम्मीदवार बनाया है। कुलदीप कुमार 2021 के नगर निगम चुनाव में वार्ड नंबर 26 से पार्षद चुने गए थे। हालांकि, 2026 की नई वार्ड आरक्षण नीति के तहत वार्ड नंबर 26 को सामान्य (महिला) श्रेणी के लिए आरक्षित कर दिया गया है। इसी वजह से पार्टी ने उन्हें अनारक्षित वार्ड नंबर 24 से चुनावी मैदान में उतारा है।
अंजू कात्याल को फिर मिला मौका
AAP ने मौजूदा पार्षद अंजू कात्याल पर भी दोबारा भरोसा जताया है। उन्हें वार्ड नंबर 22 से टिकट दिया गया है। अंजू कात्याल 2021 के नगर निगम चुनाव में भी इसी वार्ड से जीतकर पार्षद बनी थीं। इस बार वार्ड नंबर 22 का आरक्षण दर्जा सामान्य (महिला) से बदलकर अनारक्षित (सामान्य) हो गया है। इसके बावजूद पार्टी ने उन्हें फिर से इसी वार्ड से उम्मीदवार बनाया है।
दिसंबर में प्रस्तावित हैं चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव
चंडीगढ़ नगर निगम के चुनाव दिसंबर 2026 में प्रस्तावित हैं। राज्य चुनाव आयोग ने भी चुनावों को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। आयोग की ओर से शहर के सभी 35 वार्डों की निगरानी के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। फिलहाल चंडीगढ़ नगर निगम में बीजेपी का मेयर है। ऐसे में आगामी चुनाव में बीजेपी और आम आदमी पार्टी के बीच मुकाबला अहम माना जा रहा है। इससे पहले गुरुवार को AAP ने पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए भी उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की थी।
Also read: Political News: 'AI से बनाई गई भीड़ की तस्वीर', राहुल गांधी की रैली पर किरेन रिजिजू ने उठाए सवाल; बोले - ठीक से दिखावा भी नहीं...