Noida Ghaziabad PNG Pipeline: नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में LPG सिलेंडर की बुकिंग और डिलीवरी के झंझट से परेशान लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए मेगा प्लान तैयार किया है, जिसके तहत दोनों जिलों में करीब 490 किलोमीटर लंबी नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इससे करीब 86,000 नए घरों की रसोई तक सीधे PNG गैस पहुंच सकेगी। पिछले वित्त वर्ष में IGL ने सिर्फ 180 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई थी, ऐसे में इस बार का लक्ष्य करीब तीन गुना ज्यादा है।नोएडा और ग्रेटर नोएडा में करीब 190 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाकर 48,000 परिवारों को PNG कनेक्शन दिया जाएगा।
चरणबद्ध तरीके से काम शुरू
इसमें नोएडा के सर्फाबाद गांव (सेक्टर 73), बरौला गांव (सेक्टर 49), सलारपुर, हाजीपुर, होशियारपुर और छिजारसी शामिल हैं। वहीं ग्रेटर नोएडा के जलपुरा, चिपियाना, छपरौला और अमीनाबाद में भी कनेक्शन दिए जाएंगे। इन इलाकों में अकेले करीब 25,000 कनेक्शन की क्षमता है। इसके अलावा मंजूरी मिलने के बाद सेक्टर MU-II, रोजा याकूबपुर, जेवर की आरआर कॉलोनी और सेक्टर थीटा-II में भी चरणबद्ध तरीके से काम शुरू होगा।गाजियाबाद में सबसे बड़ा विस्तार होगा। यहां 300 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाकर करीब 38,000 घरों को PNG कनेक्शन देने का प्रस्ताव है। इसमें राजनगर एक्सटेंशन, गोविंदपुरम, लोनी, राजेंद्र नगर, सिद्धार्थ विहार, हापुड़, मोदीनगर, विजयनगर, डासना, मुरादनगर, मोरटा, करहेड़ा और मोरटी गांव शामिल हैं।
Also read: UP News: कानपुर के राधिका अपार्टमेंट में भीषण आग, महिला और 15 साल के बच्चे की मौत; 8 लोगों का रेस्क्यू
इन इलाकों में करीब 20,000 नए कनेक्शन दिए जाने का अनुमान
चरणबद्ध तरीके से इन इलाकों में करीब 20,000 नए कनेक्शन दिए जाने का अनुमान है। प्रोजेक्ट को तेज करने के लिए IGL ने ठेकेदारों, मैनपावर और बजट बढ़ा दिया है और बिल्डरों व RWA से लगातार संपर्क में है। हालांकि अलग-अलग एजेंसियों से NOC मिलने में देरी बड़ी चुनौती है। इस पर नोएडा अथॉरिटी के CEO कृष्णा करुणेश ने कहा कि उनके पास कोई मंजूरी लंबित नहीं है, बल्कि खोदी गई सड़कों की मरम्मत न होना चिंता का विषय है। वहीं IGL ने प्रशासन से मांग की है कि घर तक जाने वाले 5 से 10 मीटर के लास्ट माइल कनेक्शन के लिए बार-बार अनुमति की जगह एक ब्लैंकेट परमिशन दी जाए, ताकि लोगों को जल्द सस्ती और सुरक्षित गैस मिल सके। बता दें, अब तक दोनों जिलों में IGL करीब 9.65 लाख कनेक्शन दे चुका है।