Delhi-Dehradun Highway:दिल्ली से मुजफ्फरनगर, हरिद्वार और देहरादून जाने वाले वाहन चालकों के लिए राहत भरी खबर है। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में दिल्ली-देहरादून हाईवे पर बन रहे फलौदा और भूराहेड़ी के दोनों फ्लाईओवर का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच गया है। इनके जल्द शुरू होने की उम्मीद है। दोनों फ्लाईओवर चालू होने से हाईवे पर वाहनों की आवाजाही आसान होगी और स्थानीय लोगों को भी रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। खासतौर पर पुरकाजी ब्लॉक के 20 से अधिक गांवों के लोगों को इसका सीधा फायदा मिलने वाला है।
दिल्ली-देहरादून हाईवे पर उत्तराखंड की सीमा पार करने के बाद यूपी में सबसे पहले भूराहेड़ी चेक पोस्ट आता है। इसके कुछ ही दूरी पर फलौदा स्थित है। ये दोनों स्थान हाईवे के संवेदनशील बिंदु माने जाते हैं, जहां तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही के कारण स्थानीय लोगों को सड़क पार करने में परेशानी होती है। इसी समस्या को देखते हुए यहां फ्लाईओवर का निर्माण कराया जा रहा है।
20 से ज्यादा गांवों को मिलेगी जाम से राहत
फलौदा और भूराहेड़ी फ्लाईओवर बनने से पुरकाजी ब्लॉक के 20 से अधिक गांवों की आबादी को बड़ी राहत मिलने वाली है। इन गांवों के हजारों लोग रोजाना किसी न किसी काम से हाईवे पार करते हैं। ऐसे में उन्हें अक्सर तेज रफ्तार वाहनों और ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ता है। गन्ने के सीजन में यहां समस्या और बढ़ जाती है। गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की लंबी कतारें लगने से किसानों को चीनी मिल तक पहुंचने में काफी समय लगता है। फ्लाईओवर शुरू होने के बाद किसानों के साथ-साथ व्यापारियों, छात्रों और नौकरीपेशा लोगों का आवागमन भी आसान होगा। इससे समय की बचत होगी और सड़क दुर्घटनाओं का जोखिम भी कम करने में मदद मिलेगी।
पुराने NH-58 हाईवे पर बन रहे हैं दोनों फ्लाईओवर
यहां एक बात समझना जरूरी है कि दिल्ली से देहरादून जाने के लिए दो अलग-अलग रास्ते हैं। पहला पुराना NH-58 हाईवे है, जबकि दूसरा नया दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे है। फलौदा और भूराहेड़ी के दोनों फ्लाईओवर पुराने NH-58 वाले हाईवे पर बनाए जा रहे हैं। इस पुराने रूट पर दिल्ली से गाजियाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर और पुरकाजी होते हुए रुड़की, हरिद्वार और देहरादून पहुंचा जाता है। इसके अलावा मेरठ से उत्तराखंड सीमा तक करीब 80 किलोमीटर हाईवे को 6 लेन करने की योजना पर भी काम चल रहा है। इस परियोजना में 20 से 22 नए अंडरपास बनाए जाने की योजना है, जिससे हाईवे पर यातायात और सुगम हो सकेगा।
नया दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे भी जान लीजिए
दूसरी तरफ नया दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे करीब 213 किलोमीटर लंबा है। इसके शुरू होने से दिल्ली से देहरादून का सफर, जो पहले करीब 6 घंटे में पूरा होता था, अब लगभग ढाई से तीन घंटे में पूरा किया जा सकता है। इस एक्सप्रेसवे पर राजाजी नेशनल पार्क के ऊपर से गुजरने वाला करीब 12 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर भी बनाया गया है। ऐसे में फलौदा और भूराहेड़ी के फ्लाईओवर पुराने NH-58 हाईवे से सफर करने वाले लोगों के लिए बड़ी राहत साबित होंगे। खासकर हरिद्वार, ऋषिकेश और चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को इस रूट पर ट्रैफिक जाम से राहत मिल सकती है। दोनों फ्लाईओवर शुरू होने के बाद स्थानीय ग्रामीणों और लंबी दूरी के वाहन चालकों का सफर पहले के मुकाबले ज्यादा सुविधाजनक होने की उम्मीद है।
Also read: SIR पर सुप्रीम कोर्ट सुनवाई से पहले चुनाव आयोग का बड़ा हलफनामा, छूटे वोटरों को मिलेगा एक और मौका