Gujarati businessman Shot Dead: गुजरात के मेहसाना के आख़ाज गांव के 62 वर्षीय गुजराती व्यापारी की अमेरिका के टेनेसी स्थित जैक्सन शहर में उनकी दुकान के अंदर गोली मारकर हत्या कर दी गई। गांव के एक निवासी ने बताया कि घटना के समय उनकी 19 वर्षीय बेटी भी वहां मौजूद थी। मृतक की पहचान सुरेश परसोत्तमदास पटेल के रूप में हुई है, जो लगभग 30 वर्षों से अमेरिका में रह रहे थे और घटना से ठीक एक सप्ताह पहले उन्होंने जैक्सन शहर में एक नया व्यवसाय शुरू किया था। गुरुवार को एक नकाबपोश हमलावर दुकान में घुसा, कथित तौर पर दराज से नकदी लूटी और बाद में पटेल को गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बारे में बात करते हुए आख़ाज गांव निवासी दिनेश सुथार ने बताया ‘इस दुखद खबर के बाद मेहसाना जिले के आख़ाज गांव में मातम छा गया है। आख़ाज गांव के मूल निवासी सुरेश परसोत्तमदास पटेल, जो लगभग 30 साल पहले अमेरिका में बस गए थे, की टेनेसी के जैक्सन शहर में गोली मारकर हत्या कर दी गई।‘ उन्होंने आगे बताया ‘सुरेश पटेल लंबे समय से शिकागो में रह रहे थे और घटना से ठीक एक सप्ताह पहले ही उन्होंने जैक्सन सिटी में अपनी नई दुकान खोली थी।‘
Also read: जापान में 5.9 तीव्रता का भूकंप, 23 लोग घायल; टोक्यो तक महसूस हुए तेज झटके
दिनेश सुथार ने आगे बताया ‘20 अगस्त, 2026 की रात को, नकाबपोश, जींस और टी-शर्ट पहने एक लुटेरा उनकी दुकान में घुस गया। आरोपी ने पहले कैश ड्रॉअर से डॉलर चुराए और फिर सुरेश पटेल को गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।‘ उन्होंने आगे कहा ‘इस पूरी भयावह घटना के दौरान, उनकी 19 वर्षीय बेटी पास ही खड़ी थी। इस घटना से गांव वाले बहुत चिंतित हैं और अमेरिका में इस तरह के अपराधों की खबरें आने से लोगों में डर और चिंता बढ़ रही है।‘