Govinda-Sunita Ahuja: अभिनेता और पूर्व सांसद गोविंदा ने अपने निजी और पारिवारिक जीवन से संबंधित झूठी और अपुष्ट खबरों के खिलाफ चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि ऐसे मामलों में कानून की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी और 100 करोड़ रुपये तक का हर्जाना मांगा जा सकता है। दरअसल, सोशल मीडिया के कुछ हिस्सों में कोर्ट मैरिज की अफवाहों के बाद जारी इस नोटिस में लोगों, मीडिया संगठनों, डिजिटल प्लेटफॉर्म और कंटेंट क्रिएटर्स को झूठी, मानहानिकारक, दुर्भावनापूर्ण, मनगढ़ंत या अपुष्ट सामग्री बनाने, प्रकाशित करने, अपलोड करने, प्रसारित करने या साझा करने के खिलाफ आगाह किया गया है।
नोटिस में विशेष रूप से AI का उपयोग करके बनाई गई तस्वीरों, वीडियो, ऑडियो रिकॉर्डिंग, मॉर्फ्ड छवियों, डीपफेक और अन्य कृत्रिम सामग्री के प्रसार पर आपत्ति जताई गई है। इसमें कहा गया है कि AI या अन्य डिजिटल तकनीकों के माध्यम से गोविंदा की आवाज, तस्वीरों, पहचान, छवि या उनके निजी या पारिवारिक जीवन से संबंधित सामग्री को बनाने, हेरफेर करने या उपयोग करने की कोई अनुमति नहीं दी गई है।
मानहानि, निजता का उल्लंघन के तहत होगी कार्रवाई
गोविंदा की टीम द्वारा साझा किए गए नोटिस के विवरण के अनुसार, अभिनेता मानहानि, निजता का उल्लंघन, पहचान का दुरुपयोग और साइबर अपराध से संबंधित लागू कानूनों के तहत दीवानी और आपराधिक कार्रवाई कर सकते हैं। इसमें भारतीय न्याय संहिता, 2023 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 के तहत कानूनी प्रावधानों का उल्लेख है। नोटिस में आगे कहा गया है कि जिन व्यक्तियों को कथित तौर पर दोषी पाया जाता है, उनके खिलाफ गोविंदा बैंक खातों से संबंधित कार्रवाई, संपत्ति की खरीद-बिक्री पर प्रतिबंध, पासपोर्ट ज़ब्ती और अन्य कानूनी उपायों के लिए अदालती आदेश मांग सकते हैं।
भ्रामक या झूठी सामग्री जानबूझकर फैलाने के आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया अकाउंट्स के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की गई है। इससे पहले गोविंदा के कथित तलाक से संबंधित खबरें भी फैली थीं, जिन्हें बाद में झूठा बताया गया था। नोटिस में गोविंदा की इस चिंता का भी जिक्र है कि उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के सुनियोजित प्रयास के तहत जानबूझकर अफवाहें फैलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा है कि ऐसी गतिविधियों का उद्देश्य उन्हें मानसिक और सामाजिक रूप से नुकसान पहुंचाना है।
Also read: Arjun Rampal: 53 की उम्र में फिर से सात फेरे लिए अर्जुन रामपाल, जानें कौन है उनकी जीवनसाथी
गोविंदा-सुनीता आहूजा का वैवाहिक जीवन
यह ताजा चेतावनी गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा से संबंधित हालिया घटनाक्रमों के मद्देनजर आई है। बता दें, 19 अगस्त को गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने पुष्टि की कि सुनीता आहूजा ने मुंबई के बांद्रा फैमिली कोर्ट में अपनी तलाक की याचिका वापस ले ली है। सिन्हा ने बताया कि यह मामला दो साल से लंबित था। सिन्हा ने साफ तौर पर कहा ‘यह मामला दो साल से चल रहा था, लेकिन आखिरकार अब खत्म हो गया है। आज सुनीता जी ने बांद्रा स्थित पारिवारिक अदालत में याचिका वापस लेने के लिए आवेदन किया है।‘
गोविंदा की प्रतिक्रिया के बारे में पूछे जाने पर सिन्हा ने कहा ‘गोविंदा इस मामले की शुरुआत से ही तटस्थ रहे हैं। आज भी उनका रवैया वैसा ही है।‘ सुनीता आहूजा अपने बेटे यशवर्धन आहूजा के साथ बांद्रा फैमिली कोर्ट में नजर आईं। पैपराज़ी द्वारा पूछे जाने पर उन्होंने कहा ‘जन्मदिन मनाने आई हूं।‘ उन्होंने कहा ‘इससे पहले गोविंदा ने एक वीडियो जारी कर सुनीता से अपील की थी कि वे ऐसे बयान न दें जिनसे उनकी प्रतिष्ठा, करियर और फिल्म इंडस्ट्री में उनकी स्थिति पर असर पड़ सकता है।‘ उन्होंने आगे कहा ‘जब आप अपना काम कर रही थीं, चाहे वो फूड शो हो या 'लॉक अप', आपने टीना (उनकी बेटी) से दोनों शो करने को कहा। आपने मुझसे ये सब करवाया। खैर, ये आपका अधिकार है।‘
गोविंदा-यशवर्धन-सुनीता आहूजा का फिल्मी करियर
गोविंदा ने ये भी कहा कि उन्होंने एक फिल्म पर काम शुरू कर दिया है और वो नहीं चाहते कि सालों से दर्शकों के बीच बनी उनकी साख को कोई नुकसान पहुंचे। बताते चले कि गोविंदा फिल्म 'रूपा' में नवोदित अभिनेत्री रानी स्वर्णकार के साथ नजर आएंगे।
इस बीच, गोविंदा के बेटे यशवर्धन आहूजा फिल्म 'हीरो की हॉररिन' से बॉलीवुड में डेब्यू करने जा रहे हैं, जो 7 जनवरी, 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। साजिद खान द्वारा निर्देशित 'हीरो की हॉररिन' का निर्माण शोभा कपूर, एकता आर. कपूर और अमर बुटाला ने किया है। फिल्म के बारे में और अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है। फिल्म में सुनीता आहूजा, नितांशी गोयल, जेमी लीवर, चंकी पांडे, बृजेंद्र काला और सिमरत कौर रंधावा भी मुख्य भूमिका में हैं। सुनीता आहूजा ने बताया है कि वह फिल्म में यशवर्धन की मां का किरदार निभाएंगी। इस पर सुनीता ने कहा ‘मैं यश के साथ पिक्चर कर रही हूं। शायद इंडस्ट्री में पहली बार ऐसा होगा 'की मां और बेटा एक साथ लॉन्च हो रहे हैं।‘