BJP Office Bearer Meeting: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नए राष्ट्रीय पदाधिकारियों की टीम से मुलाकात की। यह मुलाकात BJP के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में हुई। पार्टी में संगठनात्मक बदलाव के बाद प्रधानमंत्री और नई टीम की यह पहली बड़ी बैठक थी। बैठक करीब पांच घंटे से ज्यादा चली।- -बैठक के दौरान सभी राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री से अपना परिचय कराया और अपने काम का अनुभव साझा किया। PM मोदी ने हर पदाधिकारी की बात ध्यान से सुनी और उन्हें अपनी बात रखने के लिए पर्याप्त समय दिया। उन्होंने पार्टी नेताओं को जनता के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने और संगठन को और मजबूत करने की सलाह दी। -प्रधानमंत्री ने कहा कि पार्टी की विचारधारा को मजबूत करते हुए देश की सेवा के लिए लगातार काम करना चाहिए। उन्होंने बैठक को लेकर सोशल मीडिया पर लिखा कि संगठन की बैठकें नए विचार और नई सोच सामने लाती हैं, जिनका उद्देश्य पार्टी को मजबूत करना और जनता से जुड़ाव बढ़ाना है।
सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान
BJP के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। इस दौरान देशभर में सेवा से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित होंगे। पार्टी कार्यकर्ता आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान करेंगे और उनके साथ ‘मातृ संवाद’ कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। BJP का दावा है कि देश के 14 लाख से ज्यादा आंगनवाड़ी केंद्रों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।
सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर
‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए ब्लॉक स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। इनमें आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं से जुड़ने में लोगों की मदद की जाएगी। इसके अलावा युवाओं को सेवा कार्यों से जोड़ने के लिए ‘सेवा में मेरा योगदान’ अभियान चलाया जाएगा। इसमें सफाई अभियान, पौधारोपण और टीबी मरीजों की पहचान जैसे काम शामिल होंगे। युवाओं के लिए ‘नेशनल इनोवेशन चैलेंज’ भी आयोजित किया जाएगा।
वंदे मातरम् को लेकर प्रस्ताव पास
बैठक में BJP ने वंदे मातरम् को लेकर भी प्रस्ताव पास किया। पार्टी ने कांग्रेस कार्यसमिति के उस फैसले की आलोचना की, जिसमें पार्टी कार्यक्रमों में राष्ट्रगीत के केवल पहले दो अंतरों के गायन की बात कही गई है। BJP ने कहा कि वंदे मातरम् देश की राष्ट्रीय चेतना और स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ा महत्वपूर्ण गीत है। पार्टी ने इसके इतिहास और महत्व को लेकर देशभर में जागरूकता अभियान चलाने की बात कही है।
BJP की नई टीम में कई बड़े नाम
नई टीम में विनोद तावड़े और सुनील बंसल राष्ट्रीय महासचिव बने रहेंगे। वहीं बिप्लब कुमार देब, स्मृति ईरानी, सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया को नए राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है। पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा कई नए उपाध्यक्ष और मोर्चों के प्रमुख भी नियुक्त किए गए हैं।
Also read: 'वह छोटे बच्चे को ड्रग्स बिकवाता...'गोल्डी बराड़ ने हरदीप निज्जर की हत्या कराने का किया दावा