अमेरिका में बड़ा हादसा, Baltimore Bridge से टकराया जहाज, समंदर में समाया पूरा पुल

अमेरिका में बड़ा हादसा, Baltimore Bridge से टकराया जहाज, समंदर में समाया पूरा पुल

Baltimore Bridge Collapses:अमेरिका के बाल्टीमोर में मंगलवार तड़के कंटेनर से लदा एक बड़ा जहाज 'फ्रांसिस स्कॉट की ब्रिज' से टकरा गया। टक्कर के बाद पुल का एक बड़ा हिस्सा टूटकर पानी में चला गया। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि हादसे के वक्त पुल पर कई गाड़ियां और लोग मौजूद थे। पानी में कई कारें और लोग नजर आए।

समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने बताया कि बाल्टीमोर अग्निशमन विभाग ने पुल गिरने से बड़े पैमाने पर जान-माल के नुकसान की आशंका जताई है। नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पटाप्सको नदी पर इस पुल का निर्माण 1977 में किया गया था।

टक्कर के बाद जहाज भी डूबा

यह पुल फ्रांसिस स्कॉट को समर्पित है, जिन्होंने अमेरिका का राष्ट्रगान लिखा था। मालवाहक जहाज की लंबाई 948 फीट बताई जा रही है। टक्कर के बाद जहाज भी डूब गया। हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें जहाज को पुल से टकराते देखा जा सकता है। टक्कर के बाद जहाज में आग लग जाती है और 'फ्रांसिस स्कॉट ब्रिज' का एक हिस्सा नदी में डूब जाता है। इस पुल की लंबाई 3 किमी (1.6 मील) बताई जाती है। डाली नामक जहाज पर सिंगापुर का झंडा फहराया गया था। बताया जाता है कि यह जहाज ग्रेस ओसियन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का था, जिसका प्रबंधन सिनर्जी मरीन ग्रुप के पास था।

जहाज पर मौजूद चालक दल सुरक्षित

यह जहाज श्रीलंका जा रहा था। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं है कि हादसे के वक्त पुल पर कितने लोग और वाहन मौजूद थे। मैरीलैंड ट्रांसपोर्टेशन अथॉरिटी के मुताबिक ब्रिज पर हादसे के बाद सभी लेन बंद कर दी गई हैं और ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया गया है।

रॉयटर्स के मुताबिक ग्रेस ओशन प्राइवेट लिमिटेड ने बताया है कि जहाज पर मौजूद चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित हैं और किसी को भी चोट नहीं आई है। जहाल पुल से कैसे टकरा गई, इस बारे में अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है। पेटाप्सको नदी में इस समय तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहता है। ऐसे में हादसे के बाद नदी में गिरे लोगों की जान को गंभीर खतरा है। क्योंकि तापमान कम होने की वजह से लोग हाइपोथर्मिया के शिकार हो सकते हैं।

Leave a comment