Kal Ka Mausam 29 August 2026: देशभर में मानसून की सक्रियता के बीच 29 अगस्त 2026 को कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, पूर्वी और मध्य भारत के साथ-साथ उत्तर-पूर्वी राज्यों में कई जगहों पर बारिश हो सकती है। वहीं कुछ इलाकों में भारी बारिश और गरज-चमक को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है।
उत्तर भारत की बात करें तो उत्तराखंड में बारिश का सिलसिला बना रह सकता है। आईएडी ने 30-31 अगस्त को उत्तराखंड में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी मौसम सक्रिय रहने की संभावना है। दिल्ली-NCR में भी 29 अगस्त तक बारिश और गरज-चमक वाला मौसम देखने को मिल सकता है।
इन इलाकों में कैसा रहेगा मौसम
मध्य भारत में 29 अगस्त को मौसम खासा सक्रिय रह सकता है। पूर्वी मध्य प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है, जबकि छत्तीसगढ़ में 28 अगस्त से 3 सितंबर तक कई इलाकों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। विदर्भ में भी 29 अगस्त से बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
ओडिशा में कैसा रहेगा मौसम
पूर्वी भारत में बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। बिहार में 28-29 अगस्त को व्यापक बारिश की संभावना जताई गई है। ओडिशा में भी 28 अगस्त से 3 सितंबर तक बारिश का दौर रहने का अनुमान है। कुछ इलाकों में बिजली चमकने और तेज हवाओं के साथ मौसम खराब हो सकता है।
पूर्वोतर के मौसम का हाल
पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय सहित कई राज्यों में 29 अगस्त को बारिश की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश और असम-मेघालय में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है।
दक्षिण भारत के मौसम का हाल
पश्चिमी भारत में कोंकण और गोवा में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। गुजरात, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। वहीं दक्षिण भारत के कई हिस्सों में फिलहाल बारिश की गतिविधि अपेक्षाकृत कम रहने का अनुमान है। आईएमडी ने अगले एक सप्ताह में प्रायद्वीपीय भारत में बारिश की गतिविधियां कमजोर रहने की संभावना जताई है।
Also read: नेपाल की तबाही पर सोनू सूद और मनीषा कोइराला ने बढ़ाया मदद का हाथ, बाढ़ पीड़ितों के लिए की अपील