Muskan Murder Case: राजधानी दिल्ली के तिलक नगर में 21 वर्षीय मुस्कान की हत्या के मामले में दिल्ली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्याकांड के मुख्य संदिग्ध इमरान को राजौरी गार्डन इलाके में हुई मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर गोलीबारी की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। इस दौरान इमरान के पैरों में गोलियां लगीं और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पश्चिमी जिले के डीसीपी हरेश्वर वी. स्वामी ने बताया कि बुधवार शाम करीब 6 बजे तिलक नगर थाना क्षेत्र में 21 वर्षीय मुस्कान की उसके घर में हत्या कर दी गई थी। पुलिस को घटनास्थल से आरोपी के फरार होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद दिल्ली के अलग-अलग इलाकों के साथ-साथ शहर के बाहर भी उसकी तलाश शुरू की गई।
पुलिस के मुताबिक, इमरान को राजौरी गार्डन इलाके में देखा गया। टीम ने जब उसे पकड़ने की कोशिश की तो उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी ने पुलिस पर चार गोलियां चलाई, जिसके जवाब में पुलिस ने सात राउंड फायरिंग की। इसमें तीन गोलियां आरोपी के पैरों में लगीं। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया।
इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती आरोपी
इमरान फिलहाल पुलिस हिरासत में अस्पताल में भर्ती है। अधिकारियों के अनुसार उसकी हालत चिकित्सकीय रूप से स्थिर होने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी। पुलिस अब हत्या के पीछे की वजह यानी मर्डर मोटिव का पता लगाने में जुटी है। डीसीपी ने बताया कि जांच के दौरान उस हथियार के स्रोत का भी पता लगाया जाएगा, जिसका इस्तेमाल पुलिस पर गोलीबारी में किया गया। आरोपी से पूछताछ के बाद मुस्कान की हत्या से जुड़े कई अहम सवालों के जवाब मिलने की उम्मीद है।
घर में हुई थी मुस्कान की हत्या
पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम तिलक नगर थाना क्षेत्र में मुस्कान की उसके घर में कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुस्कान और इमरान एक-दूसरे को कुछ समय से जानते थे।