Punjab Election 2027: पंजाब की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) ने 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव साथ मिलकर लड़ने का ऐलान किया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को दिल्ली में अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की मौजूदगी में गठबंधन की घोषणा की। इस दौरान बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन भी मौजूद रहे।
अमित शाह ने अकाली दल की NDA में वापसी का स्वागत करते हुए उसे गठबंधन का सबसे पुराना साथी बताया। उन्होंने कहा कि अकाली दल के साथ बीजेपी के रिश्ते अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी के समय से रहे हैं। दोनों दलों का संबंध हमेशा मजबूत रहा है और अब यह साझेदारी एक बार फिर आगे बढ़ेगी।
अमित शाह बोले- NDA के सबसे पुराने साथी की वापसी
गठबंधन का ऐलान करते हुए अमित शाह ने कहा कि अकाली दल NDA का सबसे पुराना सहयोगी रहा है। दोनों पार्टियों ने कई चुनाव साथ लड़े हैं और इस दौरान जीत-हार भी देखी है, लेकिन उनके रिश्ते हमेशा कायम रहे। उन्होंने कहा कि इस गठबंधन से पंजाब में हिंदू-सिख भाईचारे को मजबूती मिलेगी।
शाह ने यह भी कहा कि पंजाब में नशे की समस्या को खत्म करना गठबंधन की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। किसानों के मुद्दों का समाधान और राज्य के विकास से जुड़े विषयों पर भी दोनों दल मिलकर काम करेंगे। गठबंधन का विस्तृत घोषणापत्र बाद में जारी किया जाएगा।
2020 में कृषि कानूनों के विरोध में टूटा था गठबंधन
भाजपा का पुराना साथी है अकाली दल
बीजेपी और अकाली दल का गठबंधन करीब 24 साल तक चला था। दोनों दलों ने 1997 के पंजाब विधानसभा चुनाव से औपचारिक रूप से साथ चुनाव लड़ना शुरू किया था। इस गठबंधन ने पंजाब में 2007 और 2012 में सरकार बनाई थी। हालांकि, सितंबर 2020 में केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के विरोध में अकाली दल ने NDA से नाता तोड़ लिया था। उस समय अकाली दल की नेता हरसिमरत कौर बादल ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से भी इस्तीफा दे दिया था। बाद में नवंबर 2021 में केंद्र सरकार ने तीनों कृषि कानून वापस ले लिए थे। अब करीब छह साल बाद दोनों दलों ने फिर से साथ आने का फैसला किया है।
Also read: UP News: 'सत्ता मिली तो अयोध्या बनेगी ''सनातन की ग्लोबल राजधानी'', राम मंदिर जाने से पहले अखिलेश यादव किए कई बड़े वादे