Uttrakhand News:उत्तराखंड में निर्धारित मान्यता और शैक्षणिक मानकों का अनुपालन नहीं करने वाले मदरसों के खिलाफ राज्य सरकार की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में देहरादून और हल्द्वानी में बिना मान्यता संचालित किए जा रहे मदरसों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। संबंधित संस्थानों द्वारा आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने के बाद प्रशासन ने नियमानुसार सीलिंग की कार्रवाई की।
आजाद कॉलोनी स्थित मदरसा जामिया-तुस-सलाम अल-इस्लामिया को सील कर दिया गया है। वहीं, मदरसा दार-ए-अरकम,आजाद कॉलोनी, माजरा और मदरसा दारूल उलूम रहीमिया के प्रबंधकों ने संचालन बंद करने संबंधी लिखित अंडरटेकिंग प्रशासन को दी है।
अब तक 20 बिना मान्यता संचालित मदरसों का संचालन बंद
सचिव डॉ. धकाते ने बताया कि प्रदेश में अब तक 17 मदरसों को सील किया जा चुका है, जबकि तीन मदरसों के प्रबंधकों ने संचालन बंद करने की लिखित सूचना दी है। इस तरह अब तक कुल 20 बिना मान्यता संचालित मदरसों का संचालन बंद कराया जा चुका है।
हल्द्वानी में भी दो मदरसे सील
कार्रवाई का सिलसिला नैनीताल जिले के हल्द्वानी में भी जारी रहा। यहां शनि बाजार रोड, गौजाजाली उत्तर स्थित मदरसा जामिया नूरिया बरकाते आमिना तथा इंदिरा नगर, बनभूलपुरा में संचालित एक अन्य बिना मान्यता प्राप्त मदरसे को सील किया गया।
हल्द्वानी नगर मजिस्ट्रेट ए.बी. वाजपेयी ने बताया कि संबंधित मदरसा प्रबंधकों से मान्यता से जुड़े आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा गया था। निर्धारित दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जाने के बाद नियमानुसार सीलिंग की कार्रवाई की गई।
CM धामी ने दिए सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में किसी भी शिक्षण संस्थान का संचालन निर्धारित नियमों और मान्यता के बिना नहीं होने दिया जाएगा। राज्य में लागू नई व्यवस्था के तहत अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों में आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के साथ निर्धारित शैक्षणिक मानकों का अनुपालन कराने पर जोर दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के भविष्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।** नियमों का उल्लंघन कर संचालित किए जा रहे संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Also read: Uttrakhand News: सीएम धामी का विकास प्राधिकरणों को सख्त निर्देश, बोले-लंबित मास्टर प्लान और परियोजनाओं में तेजी लाएं