Uttarakhand News: उत्तराखंड में सर्दियों के दौरान बढ़ने वाली बिजली की मांग को देखते हुए केंद्र सरकार ने राज्य के लिए अतिरिक्त बिजली आवंटित करने की मंजूरी दी है। केंद्रीय क्षेत्र के विद्युत उत्पादन केंद्रों के अनआवंटित पूल से उत्तराखंड को यह अतिरिक्त बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। यह व्यवस्था 1 अक्टूबर 2026 से प्रभावी होगी और मार्च 2027 तक जारी रहेगी।
आदेश के अनुसार, उत्तराखंड को अक्टूबर 2026 में 5 मेगावाट, नवंबर में 8 मेगावाट, दिसंबर में 16 मेगावाट, जनवरी 2027 में 19 मेगावाट, फरवरी में 16 मेगावाट और मार्च में 9 मेगावाट अतिरिक्त बिजली आवंटित की गई है। इस तरह छह महीने की अवधि में राज्य को कुल 73 मेगावाट अतिरिक्त बिजली मिलेगी। सर्दियों के दौरान बिजली की मांग बढ़ने के कारण राज्य में निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखना एक महत्वपूर्ण चुनौती रहती है। अतिरिक्त बिजली के इस आवंटन से उत्तराखंड में बढ़ती मांग को पूरा करने और बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
प्रदेश में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी- सीएम धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड की सर्दियों की बिजली आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त बिजली आवंटित किए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर का आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अतिरिक्त बिजली उपलब्ध होने से प्रदेश में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।