Uttarakhand News: कैबिनेट मंत्री खजान दास ने विधानसभा स्थित कार्यालय में राजपुर रोड विधानसभा क्षेत्र में चल रहे और लंबित विकास कार्यों की समीक्षा के लिए संयुक्त विभागीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में नगर निगम, लोक निर्माण विभाग समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों से क्षेत्र में चल रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई।
बैठक के दौरान शहर की सफाई व्यवस्था प्रमुख मुद्दा रही। नगर निगम की ओर से कूड़ा उठान, नालियों की सफाई और फॉगिंग से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। सफाई व्यवस्था को लेकर मंत्री ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को अगले 15 दिनों के भीतर व्यवस्था में सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
15 अक्टूबर तक सड़कें गड्ढामुक्त करने के निर्देश
लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए खजान दास ने मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप 15 अक्टूबर तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने को कहा। उन्होंने लंबित निर्माण कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा के भीतर काम पूरा करने पर जोर दिया।
कई विकास योजनाओं की हुई समीक्षा
बैठक में विधानसभा क्षेत्र में विद्युत लाइनों को भूमिगत करने, प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण और मॉडल कॉलोनी से जुड़े कार्यों पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा सीवर लाइन, हरिद्वार रोड पर प्रस्तावित फुटओवर ब्रिज, पेयजल व्यवस्था, परेड ग्राउंड और पलटन बाजार से संबंधित विकास कार्यों की प्रगति भी अधिकारियों से जानी गई।
मंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए लंबित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और विभागों को तय समयसीमा के भीतर काम पूरा करने पर ध्यान देना होगा।