Delhi Encounter: दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में अपराधियों और सेंट्रल दिल्ली पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस के मुताबिक, मध्य सितंबर में सदर बाजार-नबी करीम इलाके में शोभायात्रा के दौरान हुई गोलीबारी की घटना में वांछित विकास कालिया गिरोह के दो कथित सदस्य मंगलवार सुबह दिल्ली पुलिस के स्पेशल स्टाफ के साथ हुई मुठभेड़ में घायल हो गए। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान मुकेश उर्फ चिन्नू और आकाश के रूप में की है। पुलिस के अनुसार, दोनों के पैरों में गोली लगी है। आकाश को पुलिस ने घोषित बदमाश बताया है।
पुलिस के मुताबिक, स्पेशल स्टाफ की टीम को पहाड़गंज इलाके में दोनों आरोपियों की गतिविधियों की जानकारी मिली थी। इसके बाद उन्हें पकड़ने के लिए टीम ने जाल बिछाया। जब दोनों आरोपी नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास करनैल सिंह स्टेडियम के नजदीक पहुंचे, तो पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की।
पुलिस का आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाब में पुलिसकर्मियों ने भी फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपी पैरों में गोली लगने से घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
चोरी की बाइक और हथियार बरामद
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल, दो पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। दोनों आरोपी मध्य सितंबर में सदर बाजार-नबी करीम इलाके में शोभायात्रा के दौरान हुई गोलीबारी के मामले में वांछित बताए जा रहे थे।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, "विकास कालिया गैंग के दो 'बैड कैरेक्टर' (BC) को स्पेशल स्टाफ ने गोलीबारी के बाद पकड़ लिया है। दोनों को गोली लगी है। ये आरोपी सितंबर के बीच में सदर बाज़ार-नबी करीम शोभा यात्रा के दौरान हुई गोलीबारी की घटना में वांछित थे।