Uttarakhand News: उत्तराखंड के कैंची धाम मंदिर क्षेत्र में केरल ढाबे के पास मंगलवार तड़के एक दूध की पिकअप अनियंत्रित होकर करीब 100 से 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही कैंची धाम चौकी पुलिस ने स्थानीय लोगों के साथ रेस्क्यू अभियान चलाकर तीनों घायलों को नदी से सुरक्षित बाहर निकाला।
पुलिस के अनुसार मंगलवार सुबह करीब पांच बजे एक स्थानीय व्यक्ति ने चौकी कैंची धाम में सूचना दी कि केरल ढाबे के पास सड़क से काफी नीचे नदी के समीप किसी वाहन की लाइट दिखाई दे रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विजय कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। तलाशी के दौरान नदी में दूध की पिकअप संख्या UK04 CC 3465 गिरी मिली।
प्रथम दृष्टया सामने आया कि वाहन रात करीब दो बजे अनियंत्रित होकर खाई में गिरा था। वाहन में फंसे तीन लोगों को पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद नदी से बाहर निकाला। मौके पर पहुंची एसडीआरएफ टीम ने भी रेस्क्यू में सहयोग किया। इसके बाद तीनों घायलों को 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली भेजा गया।
घायलों की पहचान अंकित सिंह (33), निवासी बड़ी मंडी, हल्द्वानी, वाहन चालक, बॉबी (22) तथा मोहम्मद साकिब (11) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि सभी घायलों का उपचार कराया जा रहा है। रेस्क्यू टीम में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विजय कुमार, एएसआई विजय कुमार, कांस्टेबल विनोद यादव और कांस्टेबल महेश गोस्वामी शामिल रहे।