Rishikesh Accident: उत्तराखंड के ऋषिकेश में जंगलात बैरियर के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के मुताबिक घटना शाम करीब साढ़े 4 बजे की है। 112 कंट्रोल रूम को एक कॉल के जरिए सूचना मिली कि जंगलात बैरियर से करीब एक किलोमीटर आगे दो मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हुई है। सूचना मिलते ही बस अड्डा चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ दुर्घटनास्थल पर पहुंचे।
हादसे में एक मोटरसाइकिल सवार सोहन लाल नौटियाल (40) निवासी ग्राम सिला, मालदेवता, देहरादून की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हादसे में तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों की पहचान बलराम नौटियाल (45) निवासी मालदेवता, प्रियांशु मिश्रा (21) निवासी भट्टोवाला, ऋषिकेश और रोहित कण्डवाल (23) निवासी श्यामपुर, ऋषिकेश के रूप में हुई है।
पुलिस ने 108 एम्बुलेंस की मदद से तीनों घायलों को तत्काल राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए ऋषिकेश अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से दुर्घटनाग्रस्त दोनों मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर कोतवाली परिसर में खड़ा करा दिया है। कोतवाली ऋषिकेश पुलिस मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।