Uttarakhand News: उत्तराखंड का रुड़की शहर गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल गया। शहर के मोहनपुरा क्षेत्र में अज्ञात हमलावरों ने एक रेस्टोरेंट संचालक पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गोली लगने से रेस्टोरेंट संचालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
रुड़की के मोहनपुरा इलाके में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अज्ञात बदमाशों ने एक रेस्टोरेंट संचालक को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज से पूरा इलाका गूंज उठा और आसपास के लोगों में भगदड़ मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल रेस्टोरेंट संचालक को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ रुड़की ओशियन जोशी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की तलाश में जुट गई है। फिलहाल फायरिंग के पीछे की वजह साफ नहीं हो सकी है और पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
सीओ ओशियन जोशी ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। बरहाल ऐसे में देखना होगा कि रुड़की में दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर हमलावर कौन थे, वारदात के पीछे पुरानी रंजिश थी या कोई और वजह? इन सभी सवालों के जवाब अब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएंगे। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।