Sheikh Hasina: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने भारत में दो साल से अधिक समय बिताने के बाद स्वदेश लौटने की तारीख तय कर दी है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, हसीना 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटना चाहती हैं। यह तारीख बांग्लादेश के विजय दिवस की है, जिसे 1971 में पाकिस्तान से आजादी की लड़ाई में जीत की याद में मनाया जाता है। हसीना ने बांग्लादेश सरकार से दिल्ली से ढाका तक की यात्रा के लिए राष्ट्रीय विमानन कंपनी बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस का विमान उपलब्ध कराने और जरूरी यात्रा दस्तावेजों की व्यवस्था करने की अपील की है।
शेख हसीना के प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली ने रॉयटर्स को बताया कि हसीना चाहती हैं कि बांग्लादेश सरकार उनकी वापसी के लिए हवाई यात्रा का इंतजाम करे। उनके मुताबिक, 5 अगस्त 2024 को हसीना बांग्लादेश के विमान से भारत आई थीं, इसलिए अब सरकार को उनकी वापसी में भी सहयोग करना चाहिए। हसीना का पासपोर्ट और अन्य यात्रा दस्तावेज पहले रद्द किए जा चुके हैं। ऐसे में उनकी वापसी की राह में कानूनी और प्रशासनिक अड़चनें भी हैं।
वापसी पर गिरफ्तारी और सजा का खतरा
शेख हसीना की प्रस्तावित वापसी के बीच बांग्लादेश सरकार का रुख भी सख्त नजर आ रहा है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, बांग्लादेश के एक मंत्री ने कहा है कि अगर हसीना देश लौटती हैं तो उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। हसीना को पिछले साल नवंबर में बांग्लादेश के इंटरनेशनल क्राइम्स ट्रिब्यूनल ने 2024 के छात्र आंदोलन के दौरान हुई हिंसक कार्रवाई के मामले में उनकी गैरमौजूदगी में मौत की सजा सुनाई थी। हालांकि, हसीना ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया है।
प्रधानमंत्री तारिक रहमान से NCP नेताओं की मुलाकात
इस बीच, बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने सोमवार को नेशनल सिटिजन पार्टी (NCP) के नेताओं के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। यह बैठक ढाका स्थित कैबिनेट डिवीजन सचिवालय में हुई। NCP संयोजक नाहिद इस्लाम के नेतृत्व में चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने प्रधानमंत्री के साथ करीब 40 मिनट तक बातचीत की। इसमें पार्टी के सदस्य सचिव अख्तर हुसैन, वरिष्ठ संयुक्त संयोजक हसनत अब्दुल्ला और संयुक्त संयोजक अकरम हुसैन शामिल थे।
राजनीतिक तनाव के बीच हुई बैठक
यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब बांग्लादेश के अलग-अलग हिस्सों में क्रूड बम धमाकों, आगजनी और हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय के प्रवक्ता महदी अमीन ने बैठक को लोकतांत्रिक और सत्तावाद विरोधी राजनीतिक ताकतों के बीच एकजुटता का संकेत बताया। उनके मुताबिक, देश की स्थिरता से जुड़ी चुनौतियों के बीच राजनीतिक मतभेदों को किनारे रखकर बातचीत करना जरूरी है।
वहीं, बैठक के बाद NCP संयोजक नाहिद इस्लाम ने कहा कि राजनीतिक संवाद केवल चर्चा तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसके आधार पर ठोस कदम भी उठाए जाने चाहिए। उन्होंने सरकार से बातचीत को आगे बढ़ाने के साथ-साथ उसे सफल बनाने के लिए व्यावहारिक कार्रवाई करने की अपेक्षा जताई।
2024 के आंदोलन से बनी थी NCP
नेशनल सिटिजन पार्टी का गठन जुलाई-अगस्त 2024 में हुए छात्र नेतृत्व वाले आंदोलन के बाद हुआ था। इसी आंदोलन ने तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना की सरकार के खिलाफ व्यापक विरोध का रूप लिया और 5 अगस्त 2024 को हसीना को देश छोड़कर भारत आना पड़ा। अब उनकी 16 दिसंबर को प्रस्तावित वापसी और बांग्लादेश में जारी राजनीतिक तनाव के बीच यह घटनाक्रम क्षेत्रीय राजनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।