Uttarakhand News: राजधानी दिल्ली में बीजेपी के वरिष्ठ नेता लोकेंद्र सिंह बिष्ट ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष को उत्तराखंड की पवित्र गंगोत्री धाम आने का न्योता दिया। मुलाकात के दौरान गंगा स्वच्छता अभियान और गंगोत्री-यमुनोत्री में बढ़ते प्रदूषण की समस्या पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके साथ ही लोकेंद्र सिंह बिष्ट ने आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए गंगोत्री विधानसभा सीट से बीजेपी के टिकट पर अपनी दावेदारी भी पेश की।
लोकेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन जी से गंगा स्वच्छता अभियान के बारे में चर्चा हुई। मां गंगा की स्वच्छता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ड्रीम प्रोजेक्ट है और मां गंगा जी के उद्गम गंगोत्री और मां यमुन के उद्गम यमुनोत्री में मां गंगा और मां यमुना के जलधारा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्रद्धा से ओतप्रोत होकर वस्त्र, श्रृंगार सामग्री चूड़ी बिंदी कंघी सीसा साड़ी धोती विसर्जित करते हैं। कामना के लिए विसर्जित की गई यह सामग्री केमिकल से निर्मित होती हैं जिससे गंगा यमुना में प्रदूषण की समस्या बढ़ रही है। यहां तक श्रद्धालु माँ गंगा जी में पवित्र स्नान की डुबकी लगाने के बाद अपने पुराने वस्त्र तक यहीं छोड़ जाते हैं।
लोकेंद्र सिंह बिष्ट पिछले 12 वर्षों से गंगा स्वच्छता अभियान से जुड़े हुए हैं। वह जल शक्ति मंत्रालय के राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के अंतर्गत गंगा विचार मंच के प्रांत संयोजक की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ मुलाकात में गंगा स्वच्छता अभियान से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर बातचीत हुई।
आपको बता दें कि उत्तराखण्ड में विधानसभा चुनाव होने हैं और गंगोत्री विधानसभा से लोकेंद्र सिंह बिष्ट की प्रबल दावेदारी है, इस सिलसिले में बीजेपी नेता लोकेंद्र सिंह बिष्ट ने अपने संघर्षों और समाज के लिए किए गए कार्यों की एक लंबी फेहरिस्त के साथ अपना जीवन वृत्त पत्र भी राष्ट्रीय अध्यक्ष को सौंपकर गंगोत्री विधानसभा से बीजेपी से अपनी दावेदारी जताई है।