Haryana Day 2026: हरियाणा आज यानी 1 नवंबर 2026 को अपना 60वां स्थापना दिवस मना रहा है। इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कई बड़े नेताओं ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री मोदी ने हरियाणा की समृद्ध संस्कृति, वीरता और मेहनतकश लोगों की सराहना करते हुए कहा कि खेती, खेल, रक्षा सेवाओं, उद्योग, शिक्षा और स्टार्टअप जैसे क्षेत्रों में प्रदेश के लोगों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत का परिचय दिया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर हरियाणा दिवस की बधाई दी। उन्होंने प्रदेश की ऐतिहासिक विरासत, अदम्य साहस और समृद्ध लोक संस्कृति को देश का गौरव बताया। पीएम मोदी ने कहा कि हरियाणा की लोक परंपराओं और जीवंत ग्रामीण संस्कृति ने हमेशा भारत की सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध किया है। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में प्रदेश के खिलाड़ियों और किसानों के योगदान को भी विशेष रूप से रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तिरंगे का सम्मान बढ़ा रहे हैं, वहीं किसान देश की खाद्य सुरक्षा को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना भी की।
अमित शाह ने सैनिकों, खिलाड़ियों और किसानों को सराहा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी हरियाणा के स्थापना दिवस पर प्रदेश के लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि वीरता, मेहनत और खुशहाली की धरती हरियाणा का देश की सुरक्षा और विकास में महत्वपूर्ण योगदान है। अमित शाह ने अपने संदेश में कहा कि सीमा पर देश की रक्षा करने से लेकर खेल के मैदानों में तिरंगे का मान बढ़ाने और खेती-किसानी व पशुपालन में नए मानक स्थापित करने तक हरियाणा के लोगों ने अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने प्रदेश के सैनिकों, खिलाड़ियों और किसानों की मेहनत को देश के गौरव और समृद्धि का आधार बताया।
CM नायब सैनी ने याद किया हरियाणा निर्माण का संघर्ष
हरियाणा के 60 साल पूरे होने के अवसर पर चंडीगढ़ में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हरियाणा के गठन के संघर्ष में योगदान देने वाले सभी महान लोगों को नमन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 1 नवंबर 1966 को अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आने के समय हरियाणा काफी पिछड़ा हुआ था। लेकिन प्रदेश के मेहनती किसानों, मजदूरों, उद्योगपतियों, व्यापारियों और खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत से इसे आधुनिक और विकसित राज्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि हरियाणा की विकास यात्रा में समाज के हर वर्ग का योगदान रहा है और प्रदेश ने छह दशकों में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाई है।
राहुल गांधी ने भी दी स्थापना दिवस की शुभकामनाएं
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी हरियाणा समेत कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संदेश में आंध्र प्रदेश, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, छत्तीसगढ़, चंडीगढ़, दिल्ली, हरियाणा, कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश, पंजाब, पुडुचेरी, तमिलनाडु और लक्षद्वीप के लोगों को बधाई दी। राहुल गांधी ने इन क्षेत्रों की समृद्ध संस्कृति, भाषाओं और परंपराओं को भारत की पहचान का अहम हिस्सा बताया। उन्होंने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की निरंतर तरक्की और देश की एकता में उनके योगदान की कामना की।
कांग्रेस ने भी जारी किया शुभकामना संदेश
कांग्रेस पार्टी ने भी 1 नवंबर को स्थापना दिवस और राज्य गठन दिवस मना रहे राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के लोगों को बधाई दी। पार्टी ने अपने संदेश में दिल्ली, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, चंडीगढ़, पुडुचेरी और लक्षद्वीप के स्थापना दिवस के साथ पंजाब, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, केरल, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ और हरियाणा के राज्य गठन दिवस की शुभकामनाएं दीं।