Delhi Traffic Alert: देश की राजधानी दिल्ली में रविवार को दो बड़े राजनीतिक आयोजनों के चलते सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। एक तरफ कांग्रेस के नेतृत्व में INDIA ब्लॉक रामलीला मैदान में 'चलो दिल्ली' रैली कर रहा है, तो दूसरी तरफ बीजेपी पश्चिमी दिल्ली में पदयात्रा निकाल रही है। दोनों आयोजनों को देखते हुए दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। राजधानी में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 10 हजार पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों की तैनाती की गई है।
INDIA ब्लॉक की रैली को देखते हुए रामलीला मैदान और आसपास के इलाकों में 4 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। मिंटो ब्रिज से रैली स्थल तक के पूरे रूट पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसके अलावा कनॉट प्लेस, जंतर-मंतर, भगवान दास रोड, सुप्रीम कोर्ट और चुनाव आयोग के कार्यालय के आसपास भी सुरक्षा बढ़ाई गई है। संवेदनशील इलाकों में मल्टी लेयर बैरिकेडिंग की गई है।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 भी लागू की गई है, ताकि संवेदनशील स्थानों पर बड़ी संख्या में अनधिकृत लोगों के जुटने पर रोक लगाई जा सके। पुलिस भीड़ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए CCTV कैमरों, AI आधारित फेशियल रिकग्निशन सिस्टम और ड्रोन की मदद ले रही है।
INDIA ब्लॉक की रैली में शामिल होंगे कई बड़े नेता
INDIA ब्लॉक की 'चलो दिल्ली' रैली सुबह 11 बजे शुरू होने का कार्यक्रम है। इसके लिए सांसदों के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में एकत्र होने और दोपहर में मिंटो रोड-कनॉट प्लेस जंक्शन से रामलीला मैदान की ओर बढ़ने की योजना है।नरैली में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, ममता बनर्जी, अभिषेक बनर्जी, हेमंत सोरेन, रेवंत रेड्डी, तेजस्वी यादव और अखिलेश यादव समेत कई प्रमुख विपक्षी नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है।
दिल्ली पुलिस के DCP सेंट्रल रोहित राजबीर ने बताया कि रैली के पूरे इलाके को लगभग 200 से 250 CCTV कैमरों की मदद से कवर किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को दो हिस्सों में बांटा गया है। पहला हिस्सा मिंटो ब्रिज से रैली स्थल तक के मार्च रूट की निगरानी करेगा, जबकि दूसरा हिस्सा रामलीला मैदान और आयोजन स्थल की सुरक्षा संभालेगा। आयोजकों के साथ मिलकर भी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
बीजेपी की पदयात्रा से पश्चिमी दिल्ली में भी ट्रैफिक प्रभावित
वहीं, बीजेपी की पदयात्रा सुबह 11:30 बजे हरि नगर बस डिपो से शुरू होकर तिलक नगर मेट्रो स्टेशन की ओर जाएगी। इस मार्च में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष, केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, सरदार एचएस फुल्का, मनजिंदर सिंह सिरसा और सांसद बांसुरी स्वराज समेत कई नेताओं के शामिल होने की संभावना है। सिख समुदाय के लोग भी इस पदयात्रा में हिस्सा लेंगे। पदयात्रा के मद्देनजर पश्चिमी दिल्ली में भी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक कई सड़कों पर ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रह सकते हैं।
दिल्ली में इन रास्तों पर रहेगा ट्रैफिक का दबाव
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने INDIA ब्लॉक की रैली को देखते हुए सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मध्य दिल्ली के कई इलाकों में ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन की घोषणा की है। प्रमुख डायवर्जन पॉइंट में नेताजी सुभाष मार्ग टी-पॉइंट, राजघाट, दिल्ली गेट, ITO ए-पॉइंट, अजमेरी गेट रेड लाइट, बाराखंभा रोड पर रणजीत सिंह फ्लाईओवर, भवभूति मार्ग-DDU मार्ग रेड लाइट, झंडेवालान राउंडअबाउट, तुर्कमान गेट और मिरदर्द चौक शामिल हैं।
इसके अलावा ITO से दिल्ली गेट के बीच BSZ मार्ग, JLN मार्ग, अरुणा आसफ अली रोड, मिंटो रोड, DBG रोड, बाराखंभा रोड, सिकंदरा रोड, KG मार्ग, फिरोज शाह रोड और चेम्सफोर्ड रोड पर जाम की स्थिति बन सकती है। जरूरत पड़ने पर गुरु नानक चौक, कमला मार्केट राउंडअबाउट, हमदर्द चौक और तुर्कमान गेट के आसपास भी यातायात को नियंत्रित किया जाएगा। BSZ मार्ग, राजघाट से JLN मार्ग, DBG रोड और मिंटो रोड पर DTC बसों की आवाजाही भी नियंत्रित की जा सकती है।
पश्चिमी दिल्ली में इन रास्तों से बचकर निकलें
बीजेपी की पदयात्रा के कारण जेल रोड पर हरि नगर DTC डिपो से तिलक नगर मेट्रो स्टेशन तक यातायात प्रभावित हो सकता है। लाजवंती चौक और तिलक नगर के बीच जेल रोड के दोनों कैरिजवे को जरूरत पड़ने पर कुछ समय के लिए बंद किया जा सकता है। हरि नगर से नजफगढ़ रोड और तिलक नगर की ओर जाने वाले वाहन लाजवंती चौक, सागरपुर टी-पॉइंट और पंखा रोड होते हुए सर्विस रोड का इस्तेमाल कर सकते हैं। वहीं, नजफगढ़ रोड से राजौरी गार्डन की तरफ जाने वाले वाहन लाजवंती चौक से मायापुरी रोड का रास्ता अपना सकते हैं। जेल रोड, दिल्ली हाट से हरि नगर रोड तक लाल साईं मार्ग और हरि नगर घंटाघर से DTC डिपो तक के रास्तों पर भी यातायात प्रभावित रहने की संभावना है।
मेट्रो सेवाएं सामान्य, अस्पतालों के लिए इमरजेंसी रूट
दिल्ली में रविवार को शहरव्यापी बंद या मेट्रो स्टेशनों को बड़े स्तर पर बंद करने की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। पैदल यात्रियों की आवाजाही पर सामान्य तौर पर रोक नहीं है, हालांकि रैली और पदयात्रा के आसपास प्रतिबंध लागू रहेंगे।
वहीं, LNJP अस्पताल और GB पंत अस्पताल की ओर जाने वाली आपातकालीन गाड़ियों के लिए विशेष रास्ते खुले रखे गए हैं। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वे घर से निकलने से पहले अपने रूट की जानकारी लें और प्रभावित सड़कों से बचते हुए यात्रा की योजना बनाएं।