Uttarakhand News: उत्तराखंड के देहरादून में थाना राजपुर क्षेत्र में मंदिर और परचून की दुकानों में हुई चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से चोरी किया गया सामान बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, पहली घटना 30 मई 2026 को सामने आई थी, जब अंबिका देवी मंदिर से चांदी का छत्र, घंटी और अन्य सामान चोरी हो गया था। इसके बाद 23 जून 2026 को परचून की दुकान का ताला तोड़कर नगदी और अन्य सामान चोरी करने की शिकायत दर्ज की गई थी। दोनों मामलों में थाना राजपुर में BNS की धारा 305A के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की पहचान कर सुरागरसी व मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार जांच के बाद पुलिस ने 05 जुलाई 2026 को चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर शहनशाही रिजॉर्ट, ओल्ड मसूरी रोड के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रोहित शास्त्री (28) निवासी बापू नगर जाखन और अर्जुन (27) निवासी दून विहार, जाखन के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे नशे के आदी हैं और अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए बंद मकानों और दुकानों की रेकी कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। चोरी का सामान बेचकर मिले पैसों से वे नशे की आदत पूरी करते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 चांदी के छत्र, 1 घंटा, 2 धनलक्ष्मी यंत्र, 1000 रुपये नगद और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी (UK07HK4071) बरामद की है। पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।