Uttar Pradesh News:उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक महिला सब इंस्पेक्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। जारचा थाना क्षेत्र में तैनात सब इंस्पेक्टर रश्मि गौतम का शव मंगलवार को उनके कमरे के बाथरूम में मिला। शुरुआती तौर पर हार्ट अटैक से मौत होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।
जानकारी के मुताबिक, रश्मि गौतम 2023 बैच की सब इंस्पेक्टर थीं और वर्ष 2024 से जारचा थाने में तैनात थीं। मंगलवार सुबह उनके पिता ने कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने रश्मि के साथ रहने वाली एक अन्य महिला सब इंस्पेक्टर से संपर्क कर उनसे बात कराने को कहा।
दरवाजा तोड़कर कमरे में पहुंची पुलिस
बताया जा रहा है कि रश्मि की साथी सब इंस्पेक्टर जब उनके कमरे पर पहुंचीं तो काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला। इसकी सूचना थाना प्रभारी को दी गई। इसके बाद कमरे का दरवाजा तोड़ा गया तो रश्मि बाथरूम में मृत अवस्था में पड़ी मिलीं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
कानपुर की रहने वाली थीं रश्मि गौतम
रश्मि गौतम मूल रूप से कानपुर नगर की रहने वाली थीं। उनके पिता भी उत्तर प्रदेश पुलिस में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार में शोक का माहौल है। महिला सब इंस्पेक्टर की मौत से उनके सहकर्मी भी स्तब्ध हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। शुरुआती तौर पर हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है, लेकिन मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
Also read: UP News: 'सत्ता मिली तो अयोध्या बनेगी ''सनातन की ग्लोबल राजधानी'', राम मंदिर जाने से पहले अखिलेश यादव किए कई बड़े वादे