Khatu Shyam Ji Birthday 2026: श्याम प्रेमियों के लिए साल का सबसे बड़ा दिन आने वाला है। खाटू श्याम बाबा का जन्मोत्सव, जिसका भक्त पूरे साल बेसब्री से इंतजार करते हैं। इस बार भी लाखों भक्त राजस्थान के सीकर जिले में स्थित खाटू धाम पहुंचेंगे। जो भक्त नहीं जा पाएंगे, वो घर पर ही बाबा का दरबार सजाकर पूजा करेंगे।लेकिन इस बार सबसे बड़ा कन्फ्यूजन यही है कि जन्मोत्सव 20 नवंबर को मनाया जाएगा या 21 नवंबर को? तो चलिए, आपका कन्फ्यूजन खत्म करते हैं।
कब है खाटू श्याम बाबा का जन्मोत्सव?
हिंदू पंचांग के अनुसार, हर साल बाबा का जन्मदिन देवउठनी एकादशी के दिन मनाया जाता है। यही वो दिन है जब भगवान विष्णु 4 महीने की योग निद्रा से जागते हैं और चातुर्मास खत्म हो जाता है। इसके बाद से ही शादी-विवाह जैसे सभी मांगलिक काम फिर से शुरू हो जाते हैं।इस साल एकादशी तिथि 20 नवंबर की सुबह 7 बजकर 15 मिनट से शुरू होकर 21 नवंबर की सुबह 6 बजकर 31 मिनट तक रहेगी।पंचांग के अनुसार उदया तिथि 20 नवंबर को ही है, इसलिए खाटू श्याम बाबा का जन्मोत्सव 20 नवंबर 2026, शुक्रवार को मनाया जाएगा।
खाटू धाम में कैसे मनता है जन्मोत्सव?
जन्मोत्सव के दिन खाटू धाम का नजारा ही अलग होता है। सुबह बाबा की प्रतिमा को इत्र से स्नान कराया जाता है। फिर गुलाब, चंपा, चमेली और कई तरह के सुगंधित फूलों से बाबा का भव्य श्रृंगार किया जाता है।पूरा मंदिर परिसर फूलों की खुशबू और रंगों से महक उठता है। इस दिन बाबा को उनका प्रिय मावा केक और छप्पन भोग लगाया जाता है।देशभर से भक्त हाथों में रंग-बिरंगे निशान लेकर बाबा के दरबार पहुंचते हैं। पूरी खाटू नगरी "जय श्री श्याम, खाटू नरेश की जय, शीश के दानी की जय" के जयकारों से गूंज उठती है।
Also read: Horoscope Today 17 October 2026, Aaj Ka Rashifal: आज का दिन इन 3 राशियों के लिए रहेगा खास दिन, जानें मेष से मीन तक सभी 12 राशियों का हाल
घर पर कैसे मनाएं जन्मोत्सव?
अगर आप खाटू नहीं जा पा रहे हैं, तो घर पर भी इस आसान विधि से बाबा का जन्मदिन मना सकते हैं:
1. सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और पूजा वाली जगह को अच्छे से साफ करें।
2. बाबा श्याम की तस्वीर या मूर्ति को फूलों से सजाएं।
3. शुद्ध देसी घी का दीपक जलाएं, बाबा को इत्र और फूल चढ़ाएं।
4. भोग में खीर, चूरमा, पंचमेवा और पेड़े रखें। कई भक्त इस दिन केक काटकर 56 भोग भी लगाते हैं।
5. परिवार के साथ बैठकर बाबा के भजन गाएं।
6. श्री श्याम चालीसा का पाठ करें।
7. आखिर में कपूर और घी के दीपक से बाबा की आरती करें और सबको प्रसाद बांटें।