UP News: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जिसमें में दो सगे भाइयों समेत तीन मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा देहात कोतवाली क्षेत्र के माधवपुर गांव के पास गोंडा-बेलसर मार्ग पर हुआ, जहां सरिया से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक में सवार चार अन्य मजदूर और चालक कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
जानकारी के अनुसार, ट्रक में लोहे की सरिया लदी हुई थी और वह विरसिंहपुर गांव के पास टेढ़ी नदी पर बन रहे पुल के निर्माण कार्य के लिए जा रहा था। रास्ते में लगातार बारिश के कारण सड़क फिसलन भरी और खराब हो गई, जिससे चालक ट्रक पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन पलट गया। ट्रक पलटते ही उसमें रखी भारी सरिया के नीचे दबने से तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान रविंद्र पासवान (31), राजेंद्र पासवान (42) और रामगुलाम पासवान (30) के रूप में हुई है। इनमें रविंद्र और राजेंद्र सगे भाई थे। तीनों मृतक तरबगंज क्षेत्र के चांदपुर गांव के निवासी थे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। देहात कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों तथा दबे मजदूरों को निकालकर गोंडा मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
Also read: गाजियाबाद में 23 वर्षीय युवक की हत्या से सनसनी, जन्मदिन पार्टी के बहाने बुलाकर किया गया हमला
हादसे की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में बारिश के कारण सड़क की खराब स्थिति और ट्रक के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा और हरसंभव सहायता देने की मांग की है।