PCS Anupama Resignation: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल के बाद अब पीसीएस अधिकारी अनुपमा ने भी सरकारी सेवा से इस्तीफा दे दिया है। अनुपमा राग यूपी सरकार में डिप्टी कमिश्नर (GST) के पद पर तैनात थीं।
उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर अपने फैसले की जानकारी दी है। उनके इस्तीफे के बाद राजनीतिक गलियारों में उनके चुनाव लड़ने की अटकलें लगाई जा रही हैं।
सोशल मीडिया पर दी इस्तीफे की जानकारी
अनुपमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो और संदेश साझा करते हुए नई शुरुआत करने की बात कही। उन्होंने लिखा कि प्रशासनिक सेवा से सार्वजनिक जीवन की ओर उनका यह कदम समाज के प्रति जिम्मेदारियों को नए तरीके से निभाने का संकल्प है। उनका मानना है कि बदलाव केवल विचारों से नहीं, बल्कि भागीदारी और सार्थक प्रयासों से आता है।
सपा प्रवक्ता अनुराग भदौरिया की पत्नी हैं अनुपमा राग
अनुपमा का राजनीतिक परिवार से भी संबंध है। वह समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता अनुराग भदौरिया की पत्नी हैं। उनकी मां सुशीला सरोज मोहनलालगंज लोकसभा सीट से सांसद रह चुकी हैं और मुलायम सिंह यादव सरकार में मंत्री भी रही हैं। उनके पिता आरपी सरोज भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी थे। अनुपमा राग प्रशासनिक अधिकारी होने के साथ-साथ गायिका भी हैं।
सिधौली विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की अटकलें
अनुपमा राग के इस्तीफे के बाद उनके 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में उतरने की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके सीतापुर जिले की सिधौली विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की अटकलें हैं। हालांकि, अनुपमा ने अभी तक चुनाव लड़ने या समाजवादी पार्टी के टिकट पर मैदान में उतरने का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है।
आईएएस दिव्या मित्तल के इस्तीफे के बाद चर्चा तेज
अनुपमा का इस्तीफा ऐसे समय आया है, जब इससे पहले आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल भी उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक सेवा छोड़ चुकी हैं। दिव्या मित्तल के इस्तीफे के बाद उनके राजनीति में आने की चर्चा हुई थी। ऐसे में अनुपमा राग के फैसले को भी 2027 के विधानसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, दोनों अधिकारियों के फैसलों और उनके कारणों को अलग-अलग समझना जरूरी है।
Also read: रामलीला मैदान में बोले अखिलेश यादव - जो यूपी से आए थे, UP से ही जाएंगे; SIR पर CM योगी को घेरा