Mathura News: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के राया कट पुल पर देर रात एक चलती डबल डेकर बस में अचानक भीषण आग लग गई। बस में करीब 40 यात्री सवार थे। आग लगते ही यात्रियों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, समय रहते सभी यात्रियों को बस से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
जानकारी के मुताबिक, डबल डेकर बस संख्या MP14ZH5063 खजुराहो ट्रेवल्स की थी। बस चालक जितेंद्र, निवासी नौगांव, छतरपुर (मध्य प्रदेश), करीब 40 यात्रियों को लेकर दिल्ली के कश्मीरी गेट से छतरपुर जा रहा था। इसी दौरान मथुरा के राया कट पुल पर बस में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि बस की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगी। देखते ही देखते आग ने पूरी बस और यात्रियों के सामान को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद यात्रियों में दहशत फैल गई। सभी यात्री जान बचाने के लिए बस से बाहर निकले।
डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस और दमकल विभाग की तत्परता से बस में सवार सभी 40 यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।