Faridabad News: हरियाणा के फरीदाबाद में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) के इलेक्ट्रिकल डिवीजन में तैनात जूनियर इंजीनियर (JE) सुरेंद्र सैनी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि JE ने एक काम करने की एवज में शिकायतकर्ता से 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत मिलने के बाद ACB की टीम ने जाल बिछाया और सुरेंद्र सैनी को कथित तौर पर 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार, सुरेंद्र सैनी HSVP के इलेक्ट्रिकल डिवीजन में जूनियर इंजीनियर के पद पर तैनात थे। उन्होंने एक काम करने के बदले शिकायतकर्ता से 30 हजार रुपये की मांग की थी। इसके बाद शिकायतकर्ता ने मामले की जानकारी एंटी करप्शन ब्यूरो को दी। शिकायत के आधार पर ACB की टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई और रिश्वत लेते समय JE को गिरफ्तार कर लिया।
लंबे समय से JE के पद पर कार्यरत थे सुरेंद्र सैनी
बताया जा रहा है कि सुरेंद्र सैनी काफी लंबे समय से जूनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। उनकी पदोन्नति भी प्रस्तावित थी। जानकारी के मुताबिक, 13 नवंबर को ही उन्हें SDO के पद पर प्रमोट किया जाना था, लेकिन इससे पहले ही वह 30 हजार रुपये की रिश्वत के मामले में ACB के हत्थे चढ़ गए।