UP News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। पाली थाना क्षेत्र के सहजनपुर गांव में घर के अंदर चल रहे पंखे में अचानक करंट उतरने से पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, सहजनपुर गांव स्थित एक घर में चल रहे पंखे में अचानक करंट आ गया। इसी दौरान पति-पत्नी उसकी चपेट में आ गए। करंट इतना तेज था कि दोनों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दंपति की मौत की खबर मिलते ही परिवार और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पूरे गांव में मातम का माहौल है और परिजन गहरे सदमे में हैं।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर हादसा बिजली के करंट लगने से हुआ माना जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।